अल्मोड़ा:एसएसजे परिसर के चित्रकला के छात्रों ने राजकीय संग्रहालय में दो दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया। प्रदर्शनी में जहां समाज की मौजूदा व्यवस्था, प्राकृतिक असंतुलन, सामाजिक महत्व के विभिन्न विषयों को उकेरा गया था। वहीं मानव संवेदनाओं को भी सलीके से चित्रित किया गया था। प्रत्येक कलाकार ने अपनी कल्पनाओं व भावनाओं को लेकर अनेक चित्र बुने थे। जिनको दर्शकों ने सराहा। बुधवार को हुए समापन कार्यक्रम में प्रख्यात फोटोग्राफर थ्रीश कपूर ने छात्रों द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार की कल्पनाशीलता कितनी संवेदनशील है, उसका प्रमाण कलाकार द्वारा सृजित किया गया, उसका सृजन होता है। कल्पनाशीलता व सृजनशीलता बेहतर हो, इसके लिए हर प्रकार का अध्ययन भी जरूरी है। राजकीय संग्रहालय की प्रभारी मंजू तिवारी ने कलाकारों को आश्वस्त किया कि वह हमेशा सृजनात्मक गतिविधियों के लिए सहयोग करेंगी। प्रदर्शनी में डॉ.शेखर जोशी, डॉ.संजीव आर्या भी पहुंचे थे। युवा चित्रकारों में प्रकाश पपनै, ललित आर्या, राज तिवारी, सुनीता भौर्याल, दीपिका कांडपाल, ममता शर्मा के सुघड़ चित्र प्रदर्शनी में शामिल किए गए।

No comments:
Post a Comment