For advertisement contact-09319700701

Tuesday, August 2, 2011

उल्लास में डूबने को आतुर मन

प्रकृति जब राग मल्हार गा उठे तो झूम उठता है सावन। यही सावन जब उत्कर्ष की ओर बढ़ता है तो चारों दिशाएं राग, रंग और उल्लास में डूबने लगती हैं। रिमझिम फुहारें और पंरिदों का कलरव मन को आल्हादित कर देता है। पेड़ की शाखाओं पर पड़े झूले जब पेंग बढ़ाते हैं तो झंकृत हो नाच उठता है मन मयूर। यही है 'हरियाली तीज'। कहते हैं कि सावन में हरियाली तीज मनाने की शुरुआत मां पार्वती ने की। पूर्व जन्म में पिता राजा दक्ष के घर बिना बुलाए जाने पर हुए अपमान का बदला लेने के लिए देवी सती ने हवन कुंड में अपना शरीर त्याग दिया। गौरी के रूप में दूसरा जन्म लेने पर उन्होंने सौ वर्ष कठोर तप किया। आखिर भगवान शंकर उनके सम्मुख प्रकट हुए। यह श्रावणी तीज का दिन था। मां पार्वती ने भगवान के प्रकट होने की घटना मां को बताई, इस पर मां ने उन्हें सोलह श्रृंगार करने को कहा। वर के रूप में भगवान को प्राप्त करने के बाद एक दिन मां पार्वती ने उनसे कहा, 'यदि आप मुझे अनुमति दें तो मैं श्रावणी तीज को ऐसा व्रत प्रारंभ करना चाहती हूं, जिसे रखने से महिलाओं को अखंड सुहाग की प्राप्ति होगी' तभी से सावन में 'हरियाली तीज' मनाने की परंपरा चली आ रही है। कहते हैं कि जो महिला इस दिन व्रत रखकर सोलह श्रृंगार करती है, उसकी झोली खुशियों से भर जाती है। पुराने जमाने में महिलाएं किसी एक घर में एकत्र होकर जवे तोड़ती थीं। इन जवों को शादीशुदा लड़कियों के घर भेजा जाता था। मान्यता है कि तपस्या के अंतिम दिनों में मां पार्वती ने सिर्फ हरे पत्तों का सेवन किया, इसलिए सावन में हरे पत्तों का सेवन निषेध है। इस माह हरे पत्ते भगवान को अर्पित किए जाते हैं।

No comments:

Post a Comment