For advertisement contact-09319700701

Friday, July 1, 2011

युवक व महिला मंगलदलों को मिलेगी नकदी

देहरादून: सूबे के प्रत्येक युवक मंगल व महिला मंगल दल को प्रतिवर्ष दस हजार रुपये नकद मिलेंगे। योजना को लेकर युवा कल्याण विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। संबंधित फाइल पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने सहमति दे दी है।
सरकार ने सूबे के युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की योजना बनाई है। इसके तहत युवा मंगल व महिला मंगल दलों का गठन किया है। वर्तमान में इनकी संख्या करीब पंद्रह हजार है। इन्हें आपदा राहत व बचाव, आत्मरक्षा व उनके स्किल के अनुसार इमरजेंसी पड़ने पर उनका सहयोग लिए जाने को युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। विभाग की तैयारी इनसे दूसरे अन्य सरकारी कार्यो में मदद लेने की भी है। वर्तमान व्यवस्था में प्रत्येक युवक मंगल व महिला मंगल दल के लिए चार हजार रुपये के बजट का प्रावधान है। वह भी नकदी नहीं, बल्कि इतनी धनराशि की खेल सामग्री दी जाती है। अब सरकार ने मंगलदलों को आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए नकद राशि देने की योजना बनाई है। इसके तहत इन्हें प्रतिवर्ष दस हजार रुपये दिये जाने का प्रस्ताव है। हालांकि यह राशि बहुत अधिक तो नहीं है लेकिन भविष्य में इसमें बढ़ोतरी की जा सकती है। योजना को लेकर विभागीय तैयारी पूरी है। संबंधित फाइल पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने हरी झंडी दे दी है।
युवा कल्याण के सहायक समादेष्टा अजय कुमार अग्रवाल के मुताबिक जुलाई में प्रस्तावित राज्य युवा सम्मेलन में इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। सम्मेलन को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है।

No comments:

Post a Comment