For advertisement contact-09319700701

Friday, July 1, 2011

रामगाढ़ पुल के पास मिली लाश

गरमपानी/भवाली: भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर रामगाढ़ पुल के पास झाडि़यों में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वन विभाग के श्रमिकों की सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार व पटवारी ने मौका मुआयना किया। मृतक की शिनाख्त कर ली गई है। वह चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। फिलहाल उसकी मौत कैसे हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। अलबत्ता आत्महत्या का अंदेशा भी जताया जा रहा है।
रामगाढ़ के समीप रीठाखेत क्षेत्र में वन विभाग के श्रमिकों ने गुरुवार की सुबह झाड़ियों में लाश पड़ी देखी। सूचना पर नायब तहसीलदार हबिबुल हसन खान, पटवारी भूपाल सिंह कार्की व पीआरडी जवान मौके पर पहुंचे। इस बीच ग्रामीण भी वहां आ जुटे। तभी कफुल्टा निवासी पान सिंह ने मृतक की शिनाख्त अपने भाई गणेश सिंह (25) पुत्र राम सिंह के रूप में की।
गणेश चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। हाल में ही वह छुट्टी बिताकर बीती 25 जून को वापस चंडीगढ़ के लिए घर से निकला था। पूछताछ के बाद नायब तहसीलदार ने बताया कि इसी दरमियान गणेश के मोबाइल ने भी काम करना बंद कर दिया। इससे परिजन कोई संपर्क भी नहीं साध सके। गणेश पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत का राज अभी नहीं खुल सका है। अलबत्ता राजस्व पुलिस आत्महत्या का अंदेशा भी जता रही है।

No comments:

Post a Comment