रानीखेत: 9 हजार शाखा डाकघरों व सब आफिसों को बंद करने के आदेश से डाक कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने आदेश तत्काल वापस नहीं लिए जाने पर 5 जुलाई से सामूहिक रूप से देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। डाक कर्मियों की विभिन्न मामलों के शीघ्र निराकरण की भी मांग उठाई है। उत्तराखंड डाक परिमंडल रानीखेत के शाखाध्यक्ष नंदन सिंह नेगी ने बताया कि सरकार ने 8997 शाखा डाकघरों व सब आफिसों को बंद करने का आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ 5 जुलाई से देशभर के डाक कर्मचारी सामूहिक हड़ताल शुरू करेंगे। ग्रामीण डाक सेवकों सभी मामलों का निपटारा करने, गत वर्ष हुई जेसीएम मीटिंगों में हुए समझौतों को पूरा करने, जीडीएस सहित सभी शाखाओं के रिक्त पदों को तुरंत भरे जाने, कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करने, बोनस भुगतान में रिश्वतखोरी बंद करने सहित विभिन्न मांगों को भी शीघ्र पूरी करने की मांग उठाई गई है। शाखाध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों से आंदोलन को सफल बनने के लिए पूर्ण भागीदारी करने का आह्वान किया है। हड़ताल में भागीदारी नहीं करने वाले कर्मियों को यूनियन की सदस्यता से वंचित किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment