For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

मलबा गिरने से केदारनाथ मार्ग नौ घंटे ठप

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा गिरने से नौ घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। रविवार सुबह बीआरओ ने मलबा हटाया, तब जाकर यातायात सुचारु हो पाया। वहीं, रुद्रप्रयाग के समीप बदरीनाथ राजमार्ग पर बोल्डर आने से सुबह एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
इन दिनों रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिससे बारिश होते ही पहाड़ दरकने लगते हैं और मलबा सड़क पर आ जाता है। शनिवार रात हुई बारिश के बाद भी ऐसा ही हुआ। पहाड़ से मलबा गिरने के कारण तिलवाड़ा के समीप सड़क बंद हो गई। इससे तकरीबन रात दो बजे से रुद्रप्रयाग से अगस्त्यमुनि तक यातायात ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। रविवार सुबह सीमा सड़क संगठन ने मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। तब जाकर ग्यारह बजे तक यातायात चालू हो पाया।
दूसरी ओर, रविवार सुबह आठ बजे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी रुद्रप्रयाग के समीप पेट्रोल पंप पर बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया। बीआरओ ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर हटाया। इसके बाद ही यात्रियों ने राहत की सांस ली।
उधर बीआरओ के कमान अधिकारी पीके आजाद ने बताया कि मलबा हटाने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा प्रभावित न हो।

No comments:

Post a Comment