For advertisement contact-09319700701

Sunday, May 15, 2011

आदर्श की एक और फाइल गायब

 
मुंबई. बहुचर्चित आदर्श सोसायटी घोटाले में एक नया मोड़ आ गया है। घोटाले के महत्वपूर्ण दस्तावेजों की फाइल केंद्रीय वन तथा पर्यावरण मंत्रालय के कार्यालय से गायब हो गई है।
इस मसले से जहां सीबीआई अधिकारी हैरान हैं तो वहीं राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। भाजपा ने इसे गंभीर मामला बताते हुए केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश के इस्तीफे की मांग की है।
यह खुलासा उस समय हुआ जब सीबीआई ने पिछले सप्ताह जांच के लिए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय से फाइल की प्रतिलिपि मांगी थी। सीबीआई का एक अधिकारी फाइल की कॉपी लेने पहुंचा तो मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि फाइल नहीं मिल रही है।
यदि लिखित सूचना दी जाए तो संबंधित जानकारी देने पर विचार किया जाएगा। फाइल गायब होने का एक और मामला सामने आने के बाद सीबीआई अधिकारी सकते में हैं। मंत्रालय से गायब हुई फाइल में सोसायटी को पर्यावरण संबंधी मंजूरी देने संबंधी सुझावों के कई दस्तावेज हैं। इसके अलावा सोसायटी की एफएसआई बढ़ाने और सीआरजेड नियमों के बारे में राज्य सरकार को भेजे गए पत्र हैं। सोसायटी को सलाह दी गई थी कि मंजूरी के लिए वह राज्य सरकार के उचित विभाग से संपर्क करे।
पिछले साल राज्य सरकार के नगर विकास विभाग कार्यालय से सोसायटी से जुड़ी फाइल गायब हुई थी। मामला तूल पकड़ने के दो महीने बाद फाइल उसी स्थान पर मिली जहां से गायब हुई थी लेकिन उसके चार पन्ने गायब थे। पेज नंबर 15, 97, 99 और 279 फाइल से गायब थे।
इस मामले को लेकर मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। सीबीआई ने फाइल गायब होने के मामले में विभाग के तीन कर्मचारियों को हाल ही में गिरफ्तार किया है। जिनमें डेस्क अधिकारी गुरुदत्त वाजपे, सहायक टाऊन प्लानर एन. एन. नार्वेकर और वामन राऊल शामिल हैं।

‘यह एक गंभीर मामला है। जयराम रमेश को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। आखिर क्या वजह है कि घोटाले से जुड़े दस्तावेज गायब हो रहे हैं। इसके पीछे किस मंत्री या अधिकारी का हाथ है इसका खुलासा होना चाहिए।’

No comments:

Post a Comment