For advertisement contact-09319700701

Friday, May 20, 2011

मांगे थे 32 मिले चार लाख ऐसे में कैसे चलेगा काम

श्रीनगर: भले ही चारधाम यात्रा शुरू हो गई हो, लेकिन क्षेत्र में सफाई व अन्य व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका द्वारा जिला प्रशासन को भेजे गये करीब 32 लाख के प्रस्ताव के सापेक्ष केवल पालिका को चार लाख रूपये की स्वीकृति ही मिली है। इससे नगर पालिका को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका ने चारधाम यात्रा के दौरान क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चाक चौबंद करने के लिए जिला प्रशासन पौड़ी को सात अप्रैल को 22 लाख रूपये का प्रस्ताव भेजा था। इसमें 12 लाख रूपये में पालिका ने क्षेत्र में छह माह के लिए 50 सफाई कर्मचारी रखने थे। इसके साथ ही पालिका ने दस लाख की डिमांड सफाई सामग्री(चूना, ब्लीचिंग पाउडर, कीटनाशक सामग्री) क्रय करने के लिए की थी। 27 अप्रैल को यात्रा के लिए अतिरिक्त डिमांड के रूप में पालिका प्रशासन ने करीब दस लाख का एक और प्रस्ताव जिलाधिकारी पौड़ी को भेजा। इसमें पालिका को पांच लाख 70 हजार में दस रिक्शे क्रय करने, रिक्शा चालकों का वेतन व अन्य सामग्री के लिए जबकि तीन लाख 80 हजार रूपये का प्रस्ताव क्षेत्र में बीस विद्युत पोल व स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए भेजा था। पालिका के भेजे करीब 32 लाख के प्रस्ताव के सापेक्ष यात्रा में सफाई व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने पालिका प्रशासन को मात्र चार लाख रुपये देने की स्वीकृति दी है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रमेश सेमवाल का कहना है कि धन की कमी के कारण यात्राकाल में रखे जाने वाले अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पालिका के पास 28 रेगुलर, 31 कांट्रेक्ट व नौ पर्यावरण मित्र हैं। अभी पालिका इन्हीं कर्मचारियों से सारा काम चला रही है।

No comments:

Post a Comment