For advertisement contact-09319700701

Friday, July 1, 2011

खाल प्रकरण: पुलिस ने लगाई फाइनल रिपोर्ट

रामनगर: वन निगम कर्मी को गुलदार की खाल में फंसाने के मामले में पुलिस असल आरोपी को एक साल बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। आखिर में मामले के तह तक पहुंचने का दावा करने वाली पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा डाली। इससे खाकी की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गया है।
याद रहे बीते वर्ष 29 अपै्रल को बसई निवासी वन निगम कर्मी आनंद नेगी को एक युवक ने गौशाला में गुलदार की खाल रख साजिशन फंसाने का प्रयास किया था। एसटीएफ व पुलिस पूछताछ के लिए निगम कर्मचारी को कोतवाली ले आई। इस दौरान पुलिस को ग्रामीणों, निगम कर्मी व कर्मचारी नेताओं का विरोध भी झेलना पडा था। बाद में पुलिस ने कर्मचारी को रिहा कर असल आरोपी की धरपकड़ को जांच शुरु की। पहले एक दरोगा से जांच वापस लेकर कालाढूंगी थाने को दी गई। सूत्र बताते हैं कि इसमें एक युवक का नाम सामने आया था। पुलिस के हाथ आरोपी तक पहुंचे भी पर ऐसा क्या हुआ कि जांच ढीली पड़ती चली गई। यह अहम सवाल है।
यह भी संदेह के दायरे में है कि मामले की तह तक पहुंचने का दावा करने वाली पुलिस ने घटना का खुलासा क्यों नहीं किया। अब पुलिस ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल इसका पटापेक्ष कर दिया है। सीओ प्रकाश कहते है कि इसमें कोई पकड़ में नही आया। इसलिए मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई।
दब गए कई अहम राज
रामनगर: खाल प्रकरण पर पुलिस उदासीन बनी रही तो तराई पश्चिमी वन प्रभाग तथा वन्य जीव संरक्षण पैरोकार भी चुप्पी साधे रहे। हैरत की बात है, वन विभाग व पुलिस ने यह भी जानने का प्रयास नहीं किया कि आखिर वह गुलदार की खाल कहां से लाई गई और कर्मचारी के घर में कैसे पहुंचाई गई। अंदेशा है कि गुलदार का अवैध शिकार करने के बाद ही घटना को अंजाम दिया गया होगा। बहरहाल, पूरे मामले में फाइनल रिपोर्ट लगने के बाद यह राज भी हमेशा के लिए दब गया है।

No comments:

Post a Comment