For advertisement contact-09319700701

Friday, July 1, 2011

एजेंट की मनमानी से फंसे पूना के यात्री

उत्तरकाशी: गंगोत्री राजमार्ग बंद होने से सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं, लेकिन बीस यात्रियों का एक जत्था बीते तीन दिनों से अपने ट्रेवल ऐजेंट की मनमानी के चलते फंस गया। ट्रेवल ऐजेंट को एडवांस भुगतान किये जाने के बावजूद एटीएम में रुपये न आने की बात कहकर आगे की यात्रा करने से मना कर दिया।
पूना के शंकर धुला ने बीस लोगों की चारधाम यात्रा के लिये एक महीने पहले एक ट्रेवल ऐजेंसी से बुकिंग करवाई थी, जिसके लिये उन्होंने ऐजेंसी को यात्रा की पूरी धनराशि एक लाख बीस हजार रुपए ऐडवांस भुगतान किया था, जिसमें वाहन से लेकर खाने और रहने के सभी खर्चे ऐजेंसी को ही करने थे। ऐजेंसी ने हरिद्वार से इन यात्रियों के लिये तीन टैक्सी वाहन बुक करवाकर बीते 27 जून को यमुनोत्री की यात्रा करवाई। ऐजेंट खुद उनके साथ यात्रा पर आया है, लेकिन यमुनोत्री से लौटकर उसने बड़कोट में धन खर्च करने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि एटीएम में रुपये आने पर ही आगे की यात्रा करायी जाएगी। इस बीच वह हरिद्वार से तीस हजार रुपए में बुक किये गये वाहनों के 21 हजार रुपए दे चुका था। उत्तरकाशी पहुंचने पर हरिद्वार के टैक्सी चालकों ने शेष राशि देने की बात कही, लेकिन ऐजेंट ने अपने पास रुपया न होने का रोना रोया और यात्रियों से खर्च करने को कहा। यात्रियों के पास सीमित खर्चा होने से बात नहीं बन सकी। लिहाजा पूरे तीन दिनों से यह जत्था उत्तरकाशी के ही एक होटल में ठहरा हुआ है। इनका कहना है कि अब उन्हें गंगोत्री भी नहीं जाना है और किसी तरह हरिद्वार तक छुड़वा दिया जाए। एक स्थानीय व्यापारी ने इस बात की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने ऐजेंट से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसका एटीएम टूट गया है और पूना से उसके बैंक एकाउंट में पैसे नहीं डाले जा रहे हैं। कोतवाल दिनेश कुमार ने कहा कि ऐजेंट से अब भी पूछताछ की जा रही है और पूना संपर्क किया जा रहा है, यात्रियों को हरिद्वार तक भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है।

No comments:

Post a Comment