For advertisement contact-09319700701

Friday, July 1, 2011

प्रशासन पर खनन माफिया हावी

 विकासनगर: तहसील प्रशासन व खनन विभाग की छापामार कार्रवाई के बाद भी पछवादून की नदियों से बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पाया है। प्रशासन अवैध खनन में लिप्त लोगों के मजबूत मोबाइल तंत्र का अभी तक कोई तोड़ नहीं निकाल पाया है। जिसके चलते प्रशासन की छापेमार कार्रवाई बेअसर साबित हो रही है।
पछवादून की नदियों से सैकड़ों की संख्या में छोटे बड़े वाहन रोजाना अवैध खनन भरते हैं। आसन नदी, रामपुर मंडी घाट, ढकरानी घाट, भीमावाला घाट, डाकपत्थर बैराज व शीतला नदी आदि से हो रहे अवैध खनन के बाद भी प्रशासन कुछ नहीं कर पा रहा है। चौकियों के सामने से आसानी से गुजरने वाले वाहन चालकों को पुलिस भी नहीं रोक रही है, जिसके चलते इस धंधे में लिप्त लोगों के हौसले बुलंद हैं। तहसील प्रशासन द्वारा समय-समय पर अवैध खनन से भरे वाहन पकड़े जाने के दौरान थोड़ा सा असर यह पड़ता है कि दिन में अवैध खनन में लिप्त लोग वाहन नदियों में नहीं ले जाते, लेकिन रेत छानने वाले मजदूर चोरी छिपे दिनभर काम करते रहते हैं। यह उपखनिज शाम होते ही ट्रक, टै्रक्टर-ट्रॉलियों में भरकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाता है। वहीं कुछ स्थानों पर भंडारण के नाम पर भी खेल चल रहा है, थोड़ी सामग्री डालकर भंडारण दिखाया जा रहा है। जिसकी आड़ में अवैध खनन को वैध बनाने का काम चल रहा है, जिसकी ओर से प्रशासन मुंह फेरे हुए है। अवैध खनन में लिप्त लोगों के मजबूत मोबाइल तंत्र का कोई तोड़ न निकल पाने के कारण प्रशासनिक छापेमार कार्रवाई का खास असर नहीं हो पा रहा है। उधर, तहसीलदार खनन लक्ष्मी चौहान का कहना है कि समय-समय पर छापामार कार्रवाई की जा रही है। विभाग अपनी तरफ से अवैध खनन पर अंकुश लगाने का पूरा प्रयास कर रहा है। अवैध खनन रोकने को विभाग छापामार कार्रवाई तेज करेगा।

No comments:

Post a Comment