For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 11, 2011

बिना आईडी सत्यापन के सिम देने वालों पर होगी कार्रवाई

हल्द्वानी: आपराधिक वारदातों के बाद जांच में फर्जी आईडी से सिम लेने के बढ़ते मामलों को लेकर पुलिस गंभीर हो चुकी है। शुक्रवार को सहायक पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने निजी दूरसंचार कंपनी के सिम डीलरों व सिम विक्रेताओं की बैठक बुलाकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी विक्रेता बिना आईडी सत्यापन के सिम बेचता पाया गया, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
सहायक पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने बताया कि शहर की कई सिम विक्रेता बिना आईडी जांचे सिम कार्ड दे रहे हैं। ऐसे सिम कार्डो का आपराधिक प्रवृति के लोग फायदा उठा रहे हैं साथ ही अपराध नियंत्रण करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने सभी विक्रेताओं से कहा कि किसी भी व्यक्ति को दूसरे की आईडी पर सिम नहीं दिया जाए। इसके अलावा ग्राहक द्वारा दी जाने वाली आईडी की जांच करने के बाद ही सिम कार्ड दिया जाए। एएसपी ने बताया कि जल्द की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से सभी दूरसंचार कंपनियों के एरिया प्रबंधक को पत्र लिखकर बैठक बुलायी जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी वारदात में फेक सिम पाया गया तो यह पता लगाया जाएगा कि यह सिम किस विक्रेता के पास से लिया गया। इसके बाद विक्रेता के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बेचे जाने वाले सिम कार्डो का रजिस्टर भी बनाने के दुकानदारों को निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाल पीके शाह भी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment