For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 11, 2011

चेक बाउंस मामले में एक साल का कारावास

हल्द्वानी: बैंक में भुगतान को पहुंचे चेक पर्याप्त धनराशि न होने के चलते बाउंस होने के मामले में न्यायालय ने चेक जारीकर्ता अभियुक्त को एक साल कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 2.5 लाख रुपए बतौर क्षतिपूर्ति भुगतान के भी निर्देश दिए।
मामला वर्ष 2007 का है। इसमें परिवादी दुकान नंबर 13, नई सब्जी मंडी बरेली रोड निवासी जगेंद्र सिंह चौहान की ओर से प्रथम अपर सिविल जज (जूडि) की अदालत में एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत वाद दर्ज किया गया। श्री चौहान का नई मंडी में ही चौहान जनरल स्टोर नाम से प्रतिष्ठान है। वर्ष 2007 में ही नई मंडी के मै. सुंदर लाल मौर्य एंड संस दुकान नंबर बी-48 प्रतिष्ठान के सुंदर लाल मौर्य ने श्री चौहान से दो लाख रुपए उधार मांगे। साथ ही जल्द पैसा वापस करने की बात कही। काफी समय बीतने के बाद श्री चौहान ने जब रकम मांगी तो आरोपी सुंदर लाल ने 50-50 हजार रुपए के कूर्माचल नगर सहकारी बैंक मंडी शाखा के चार चेक उन्हें दिए। चेक बैंक में जब जमा किए गए तो सभी खातों में पर्याप्त धनराशि न होने के चलते अनादृत हो गए। इसके बाद श्री चौहान ने आरोपी सुंदर लाल को जरिए अधिवक्ता नोटिस भी भेजा, लेकिन आरोपी ने भुगतान नहीं किया। न्यायालय ने विचारण के दौरान परिवादी एवं अभियुक्त पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनीं और पत्रावली पर मौजूद साक्ष्यों का अवलोकन किया। न्यायालय ने माना कि 138 एनआई एक्ट के तहत परिवादी द्वारा सभी पांच तथ्यों को सिद्ध किया है। जबकि अभियुक्त द्वारा चारों चेक कमेटी के लिए सिक्योरिटी के रूप में दिए जाना सिद्ध नहीं किया जा सका। परिवादी की ओर से अधिवक्ता बीबी जोशी व राजीव गैरा ने पैरवी की। वहीं प्रथम अपर सिविल जज (जूडि)/ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट जयेन्द्र सिंह ने अभियुक्त सुंदर लाल मौर्य को पराक्रम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई। साथ ही बतौर क्षतिपूर्ति परिवादी को 2.50 लाख रुपए भुगतान करने का आदेश दिया।

No comments:

Post a Comment