For advertisement contact-09319700701

Thursday, June 9, 2011

बाबा का स्वास्थ्य गिरा, मनोबल बढ़ा

हरिद्वार: अनशन पर रहने से बाबा रामदेव का स्वास्थ्य लगातार गिर रहा है। पिछले पांच दिनों में बाबा के वजन में चार से पांच किलो की गिरावट दर्ज की गयी है। साथ ही पानी की कमी के कारण बाबा को डिहाइड्रेशन ने चपेट में ले लिया है। हालांकि बाबा रामदेव का ब्लड प्रेशर बुधवार को ठीक रहा। दोपहर बाद बाबा बेहद थके-थके नजर आए। बुधवार को बाबा का अधिकांश समय अनशन स्थल से दूर गुप्त बैठकों में ही बीता। बाबा का स्वास्थ्य भले ही गिर रहा हो, लेकिन उनके मनोबल में लगातार इजाफा हो रहा है। चिकित्सकों ने बाबा को अन्न ग्रहण करने की सलाह दी है।
बुधवार को जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बाबा का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बाबा की पल्स 72 प्रति मिनट दर्ज की गयी। इसके अलावा ब्लड प्रेशर 80-120 रहा। बुधवार को बाबा का वजन एक किलो और कम हो गया। अब तक बाबा का वजन करीब पांच किलो कम हो गया है। इसके अलावा डिहाड्रेशन की शिकायत लगातार बनी हुयी है। सुबह बाबा के चेहरे पर पुराने जैसा तेज नजर आया लेकिन दोपहर बाद बाबा की हालत खराब हो गयी। बाबा अनशन स्थल से अधिकतर समय नदारद रहे। बाबा का अधिकतर समय गुप्त बैठकों में ही बीता। चिकित्सकों ने बाबा के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए अनशन खत्म करने की सलाह दी है। इसके अलावा पतंजलि योगपीठ के चिकित्सक भी लगातार बाबा का स्वास्थ्य परीक्षण करते रहे। बाबा शाम को काफी थके-थके नजर आए। पानी की कमी उनके चेहरे से महसूस की जा रही थी। हालांकि बाबा के तेवर अभी भी तल्ख और मिजाज कड़क बना हुआ है। बाबा का स्वास्थ्य भले ही गिरा हो लेकिन मनोबल बरकरार है।

No comments:

Post a Comment