For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

थानों में महिला व चाइल्ड हेल्पलाइन जल्द : डीआईजी

पौड़ी गढ़वाल: पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र दीपम सेठ ने कहा कि महिला हेल्पलाइन अब बाल अपराध भी दर्ज करेगी और इसे महिला एवं चाइल्ड हेल्प लाइन का नाम दिया गया है। इसके अलावा 27 सौ अपराधियों में से 16 सौ 50 अपराधी पुलिस ने गिरफ्तार किए और 475 ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सेठ ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अपराध की घटनाओं में कमी आई है और पुलिस ने भी पूरी तत्परता से कार्य करते हुए अपराधियों को सलाखों के भीतर पहुंचाया है।
हेमकुंड साहिब की यात्रा मार्ग पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। ऋषिकेश में ऐसे वाहनों को पहाड़ आने से रोका जा रहा है जो पहाड़ पर यात्रा के लिए फिट नही हैं। इसके अलावा मोटर साइकिल पर तीन सवारियां बिठाकर यात्रा कर रहे यात्रियों के वाहन भी पुलिस कब्जे में ले रही है। उन्होंने कहा कि कर्णप्रयाग में उपद्रव हुआ था और इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि 342 बच्चे गुमशुदा में दर्ज हुए। इन बच्चों में से 110 पुलिस ने बरामद किए और 146 बच्चे स्वयं लौट आए। इसके अलावा अभी 86 बच्चे गुम है और इनकी तलाश की जा रही है। वार्ता में पुलिस अधीक्षक अरुण जोशी भी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment