For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

काम की धुन में, सुने रामधुन

नई टिहरी: सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी सुबह से शाम तक फाइलों के बोझ तले दबे रहते हैं। इस कारण उनका जीवन भी तनाव से भरा रहता है। कर्मचारियों की इसी समस्या को देखते हुए टिहरी के विकास भवन में अब काम के साथ-साथ मधुर संगीत भी सुनने को मिलेगा। इससे उनकी टेंशन कम होगी। कार्यालय में अब रामधुन, कबीर के दोहे, गांधीजी के भजन अनवरत बजते रहेंगे।
यहां जिले में पिछले दो माह पूर्व से तैनात मुख्य विकास अधिकारी श्रीधर बाबू अदांकी ने विकास भवन में इस तरह का प्रयोग शुरू किया है। बकौल सीडीओ उन्होंने किसी पुस्तक में अमेरिका व फ्रांस के सरकारी दफ्तरों में संगीत व्यवस्था के बारे में पढ़ा। फिर उन्हें आइडिया आया कि क्यों ने यह प्रयोग यहां भी किया जाएं, ताकि कर्मचारियों में कार्य के तनाव को दूर किया जा सके। इस व्यवस्था से कार्य के प्रति उनका रुझान भी पूरी तरह बना रहेगा। प्रदेश में अभी तक किसी भी सरकारी कार्यालय में इस तरह की कोई व्यवस्था नहीं है। यदि यहां पर यह प्रयोग सफल होता है तो जिले के अन्य कार्यालयों में भी इसे लागू किया जा सकता है।
शुक्रवार को यहां सीडीओ कार्यालय में दो लाख की लागत से लगाए गए साउंड सिस्टम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी राधिका झा ने कहा कि इससे कर्मियों को तनाव से मुक्ति मिलेगी। वह अपना कार्य आसानी से कर सकेंगे। इस मौके पर सीडीओ श्रीधर बाबू अदांकी ने बताया कि अब उनके कार्यालय में रामधुन, कृष्णगीत, गांधी जी के भजन का आनंद लिया जा सकेगा। शुभारंभ के मौके पर डीडीओ एसएस शर्मा, अधिशासी अभियंता सिंचाई आरके तिवारी, जिला शिक्षाधिकारी रामकृष्ण उनियाल आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment