For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 11, 2011

बाबा रामदेव भर्ती, हालत स्थिर

हरिद्वार: कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ अनशन पर बैठे बाबा रामदेव को स्वास्थ्य बिगड़ने पर शुक्रवार को हरिद्वार जिला प्रशासन ने हिमालयन हास्पिटल, जौलीग्रांट (देहरादून) में भर्ती करा दिया। सीएमओ की सलाह और पतंजलि योगपीठ प्रशासन की सहमति से ही बाबा को अस्पताल ले जाया गया। मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी बाबा रामदेव व आचार्य बालकृष्ण से फोन पर बात कर बाबा से चिकित्सकीय उपचार लेने का आग्रह किया। बाबा को ले जाने के दौरान दौरान उनके समर्थकों ने केंद्र सरकार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, उन्होंने बाबा को ले जाने का कोई विरोध नहीं किया। आक्रोशित समर्थक बाद में बाबा रामदेव जिंदाबाद का नारा लगाते हुए पतंजलि योगपीठ के सामने हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए और सड़क घेर कर वहीं पर ही हवन शुरू कर दिया। इससे वहां जाम लग गया। साढे़ तीन घंटे बाद लगभग साढे़ छह बजे यह धरना समाप्त कर दिया गया।
उधर, साढ़े छह बजे आए मेडिकल बुलेटिन में चिकित्साधीक्षक डा. सुंदर लाल जेठानी ने बताया कि बाबा रामदेव की हालत सामान्य है। उनकी देखरेख के लिए आठ चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। बुलेटिन के अनुसार बाबा के लीवर फंक्शन में दिक्कत आई थी, जिसका उपचार किया जा रहा है। उनकी किडनी सहित सभी अंग सही काम कर रहे हैं। बाबा मुलाकातियों से बातचीत कर रहे हैं।
रामलीला मैदान की घटना के बाद बाबा रामदेव पतंजलि योगपीठ में पांच जून से अनशन कर रहे थे। उनकी तबियत लगातार बिगड़ रही थी। राज्य सरकार के निर्देश पर हर तीन घंटे में उनकी चिकित्सकीय जांच की जा रही थी। इस दौरान उनका वजन करीब छह किलो कम हो गया गया और उनके शरीर में पानी व ग्लूकोज की कमी भी हो गई। गुरुवार को प्रशासन के अनुरोध पर शाम से उन्होंने नींबू पानी व शहद लेना शुरू कर दिया लेकिन इससे उनकी सेहत में कोई सुधार होता नहीं दिखाई दिया। शुक्रवार को उनकी तबियत और बिगड़ गई। सीएमओ डा. योगेश शर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद सीएमओ की सलाह पर हरिद्वार जिला प्रशासन ने हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट में बाबा रामदेव को भर्ती कराने का मन बना लिया। जिलाधिकारी डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम और एसएसपी केवल खुराना के नेतृत्व में जिला प्रशासन के आला अधिकारियों की एक टीम ने इस संदर्भ मं पतंजलि योगपीठ प्रशासन और बाबा रामदेव से गहरी मंत्रणा कर उन्हें इसके लिए मना लिया। इसी दौरान मुख्यमंत्री डा. निशंक ने भी फोन पर उनसे बात कर चिकित्सकीय उपचार लेने का अनुरोध किया। दोपहर करीब ढाई बजे चिकित्सकों की टीम ने एक बार फिर से उनका गहन परीक्षण किया। इस बार भी बाबा की सेहत में सुधार के कोई लक्षण नहीं दिखाई दिए। दोपहर करीब तीन बजे ये साफ हो गया कि अब प्रशासन बाबा को हास्पिटल में भर्ती कराने ले जा रहा है। इस जानकारी से वहां मौजूद बाबा रामदेव समर्थकों में रोष व्याप्त हो गया। उत्तेजित समर्थकों ने सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। इससे एक बार ऐसा लगने लगा कि वे लोग बाबा रामदेव को वहां ले जाने नहीं देंगे लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया।
स्ट्रेचर पर लेटे बाबा रामदेव को उनके निजी सेवक और सरकारी कर्मी उठाकर मोबाइल एंबूलेंस सेवा 108 में ले गए। यहां से भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ उन्हें हिमालयन हास्पिटल, जौलीग्रांट ले जाया गया। उनके साथ आचार्य बालकृष्ण, निजी सहायक सुधीर कुमार सहित कई अन्य लोग भी गए। जिलाधिकारी डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम, एसएसपी केवल खुराना, सीएमओ डॉ. योगेश शर्मा सहित चिकित्सकों की पूरी टीम भी साथ गई।
बाबा को दी आक्सीजन
बाबा रामदेव को हास्पिटल ले जाते वक्त उनके जीवन रक्षा के लिए ऑक्सीजन दी गई। इसके अलावा उन्हें रास्ते में ग्लूकोज भी दिए जाने की चर्चा रही। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
श्रीश्री रविशंकर मिले
बाबा रामदेव के हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट भर्ती होने के बाद आर्ट ऑफ लिविंग के श्रीश्री रविशंकर उनसे मिलने पहुंचे। करीब आधा घंटा वहां रहे श्रीश्री रविशंकर ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

No comments:

Post a Comment