For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

दवा मिले न मिले, दारू मिल जाएगी

कीर्तिनगर: बडियारगढ़ क्षेत्रों में इन दिनों शराब की नदी बह रही है। यहां के तेगड़ कस्बे में अंग्रेजी शराब का पसंदीदा ब्रांड शराबियों को हर वक्त उपलब्ध हो जाता है। इसका यहां की युवा पीढ़ी पर बुरा असर पड़ रहा है। यह घरों-गांवों में झगड़ों का प्रमुख कारण बन चुकी है।
लोस्तू और बडियारगढ़ के करीब पांच दर्जन गांवों के केंद्रबिंदु तेगड़ बाजार में आपको शाम सात बजे बाद भले ही दवा, चाय और सब्जी आदि जरूरी सामान मिल न पाए, लेकिन शराब की बिक्री का यहां पर कोई समय निर्धारित नहीं है। हर समय यहां पर सभी ब्रांड आसानी से मिल जाते हैं। अवैध शराब का यह धंधा वर्षो से चल रहा है। चंडीगढ़, दिल्ली आदि शहरों से यहां पर भारी मात्रा में शराब सप्लाई होती है। ऋषिकेश, देवप्रयाग और कीर्तिनगर से पुलिस की नजरों से होकर सप्लायर कैसे गुजर जाते हैं, यह पुलिस की लचर कार्यशैली पर भी सवाल उठाता है। सूत्रों ने बताया कि तेगड़ में एक बोतल शराब का मूल्य चार सौ रुपये है। शादी के सीजन में तो इन धंधेबाजों की खूब कमाई होती है। सूत्रों ने बताया कि पटवारी की मिलीभगत के कारण शराब बेचने वालों की पौ बारह है। कुछ शराब विक्रेता तो सत्ता में पहुंच का हवाला देकर लोगों को धमकी भी देते हैं। तेगड़ के अलावा मालगढ़ी गांव से भी अवैध शराब बेची जाती है। क्षेत्र की महिलाओं में रोष है कि स्थानीय प्रशासन की तरफ से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। महिलाओं का मानना है कि इससे क्षेत्र की युवा पीढ़ी बरबाद हो रही है। कई बेरोजगार युवक शाम होते ही तेगड़ का रुख करते हैं और देर रात को शराब पीकर लौटते हैं।
शराब के इस धंधे के कारण क्षेत्र में घरों में क्लेश, शादी-विवाह के मौके पर झगड़े बढ़ने लगे हैं। शराबी राह चलते लोगों से बेवजह झगड़ने लगते हैं। इस क्षेत्र में घंडियालधार, दाल्डुंग और धद्दी घंडियाल के तीन प्रसिद्ध मंदिर हैं। यहां शराब के धंधे के कारण इन मंदिरों में पहुंचने वाले श्रद्धालु भी आहत हैं।
क्षेत्र की अनेक महिलाओं ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में शराब की इस अवैध विक्री पर कार्रवाई कर धंधेबाजों पर नकेल कसी जाए। उधर, इस बारे में तहसीलदार बीएस रावत का कहना है कि उनके संज्ञान में यह बात अभी आई है। यह गंभीर मसला है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मसले पर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment