For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

स्यालडा ढंगार में कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

पुरोला: लोनिवि की लापरवाही के चलते हिमाचल व उत्तराखंड को जोड़ने वाले मुख्य मोटर मार्ग पर पुरोला व नौगांव के पास स्थित स्याल्डा ढंगार में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हालत इस कदर है कि गत वर्ष सितंबर माह में आपदा के चलते उक्त मोटर मार्ग पर भारी क्षति हुई थी और ढंगार में पूरी पहाड़ी का खिसकना तब से लगातार जारी है।
लोनिवि की ओर से आपदा के दस महीने बाद भी स्याल्डा ढंगार में कोई सुरक्षा कार्य नहीं किये गये और न ही मोटर मार्ग पर पड़ा मलवा हटाया गया। गत वर्ष सितंबर महीने में उक्त मोटर मार्ग पर अतिवृष्टि के समय स्याल्डा ढंगार में भू-धंसाव व मलबा आने से महीनों तक मोटर मार्ग बंद रहा। इस कारण उत्तराखंड से लगे हिमाचल के रोहडू, पंद्राणु, शिमला, मोरी, सांकरी, नैटवाड़, हरकीदून व पुरोला क्षेत्र में आने जाने वाले ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब जबकि क्षेत्र में बरसात शुरू हो गयी और एक हफ्ते से स्याल्डा ढंगार में पत्थर आने शुरू हो गये हैं। तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख लोकेन्द्र रावत का कहना है कि ढंगार की जर्जर स्थिति को देखते हुये उक्त स्थान से मोटर मार्ग को बदल कर नया समरेखण मंजेली गांव से किया जाना चाहिए, ताकि हर वर्ष की दिक्कतों से लोगों को छुटकारा मिल सके। लोनिवि के सहायक अभियंता आर चन्द्रा ने कहा कि उक्त मोटर मार्ग का निर्माण कार्य एडीबी संस्था के पास है। एडीबी को कई बार इस सम्बन्ध में लिखा जा चुका है।

No comments:

Post a Comment