For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

एक क्लिक पर मिलेगी पीएफ एकाउंट की जानकारी

हल्द्वानी: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अब अपने अंशधारकों को उनके खाते की जानकारी ऑनलाइन देगा। इसके लिए ईपीएफओ देश भर के अपने सभी दफ्तरों के डाटा को कंप्यूटराइज्ड करने में जुटा हुआ है। क्षेत्रीय आयुक्त कुमाऊं दफ्तर में कंप्यूटराइजेशन का कार्य लगभग अंतिम चरण में है। माना जा रहा है कि एक जुलाई से ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन अपनी सेवाओं को अंशधारकों के लिए अधिक से अधिक लाभप्रद बनाने की प्रक्रिया में जुटा है। वहीं सूचना क्रांति का असर भी संगठन को और अत्याधुनिक बनाने की राह दिखा रहा है। क्लेम सेटलमेंट से संबंधित जानकारी मोबाइल पर एसएमएस के जरिए देने की सेवा पहले ही शुरू हो चुकी है। इसके तहत कर्मचारी को अपने क्लेम के सेटलमेंट का स्टेटस पता चल जाता है। वहीं दूसरी महत्वपूर्ण सेवा पीएफ अकाउंट को ऑनलाइन करने को लेकर शुरू होने वाली है। इसके पहली जुलाई से शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। इसकी तैयारियों के क्रम में ईपीएफओ हेडक्वार्टर दिल्ली ने काफी समय पहले से ही देश भर के अपने करीब 120 दफ्तरों से डाटा कंप्यूटराइज्ड करने पर जोर दिया था। करीब चार माह से यह कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा था। पीएफ अकाउंट ऑनलाइन होने के बाद अब देश का कोई भी कर्मचारी (अंशधारक) कहीं से भी अपने पीएफ खाते की जानकारी ले सकता है। इसके जरिए अकाउंट बैलेंस के साथ-साथ नियोक्ता द्वारा अंशदान समय पर जमा होने या न होने की जानकारी भी मिल सकेगी। क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त दफ्तर के असिस्टेंट कमिश्नर एनसी पांडे बताते हैं कि खातों के कंप्यूटराइजेशन का कार्य लगभग पूर्ण कराया जा रहा है। ऑनलाइन सेवा हेडक्वार्टर से ही शुरू होगी।

No comments:

Post a Comment