For advertisement contact-09319700701

Thursday, June 9, 2011

डीजीपी ने सिमी हमले की आशंका को नकारा

देहरादून: हरिद्वार व देहरादून में सिमी के हमले की आशंका को डीजीपी जेएस पांडे ने सिरे से खारिज कर दिया है। दरअसल, मध्य प्रदेश में गत दिनों सिमी के आठ आतंकियों के गिरफ्तार होने के बाद इस तरह की चर्चाएं तेज हुई थीं। मामले में बुधवार को डीजीपी ने कहा कि उनकी मध्य प्रदेश पुलिस से बात हुई है। आतंकियों से पूछताछ में ऐसी कोई भी आशंका नहीं मिली है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में सुरक्षा पूरी तरह पुख्ता है।
आइएएम की पीओपी व उसमें राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां कोई लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं। चूंकि, पीओपी से दस दिन पूर्व ही रूड़की में आइएसआइ एजेंट फुरकान अंसारी की गिरफ्तारी हुई है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां फूंक-फूंक कर कदम रख रही हैं। मामले में जांच चल ही रही थी कि बीते रविवार को मध्य प्रदेश में इंडियन मुजाहिद्दीन व सिमी के आठ आतंकी गिरफ्तार किए गए। इस बीच चर्चाएं तेज हो गई कि आतंकियों ने पूछताछ में देहरादून व हरिद्वार में हमले की आशंका जताई है। मंगलवार को इसकी चर्चाएं उत्तराखंड पहुंचने पर पुलिस सतर्क हो गई। आइएमए समेत अतिसंवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। जनता में भी दहशत का माहौल फैल गया।
बुधवार को इस संबंध में डीजीपी जेएस पांडे ने स्थिति स्पष्ट की। डीजीपी पांडे ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस से बात हुई है। आतंकियों ने पूछताछ में ऐसी कोई भी बात नहीं बताई है, जिसमें दून व हरिद्वार में हमले का जिक्र हो। यह कोरी अफवाह है। पुलिस को अफवाह फैलाने वालों की पहचान करने के आदेश दिए गए हैं। श्री पांडे ने कहा कि पूरे प्रदेश में सुरक्षा कड़ी है। आइएमए परेड व राष्ट्रपति के दौरे के लिए खास सतर्कता पहले से ही बरती जा रही है।

No comments:

Post a Comment