For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

सीबीसीआइडी ने दर्ज किए बयान

रुड़की: नौशाद व आजाद के एनकाउंटर के मामले में सीबीसीआइडी की एक टीम ने सोमवार को रुड़की पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस संबंध में कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक जयमल सिंह नेगी के भी बयान लिए। इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के आदेश पर राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को दो माह पूर्व ढाई-ढाई लाख रुपये बतौर मुआवजे के तौर पर दिया जा चुका है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर में तत्कालीन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयमल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छह जनवरी 2007 को दो लोगों को एनकाउंटर में मारा था। इनकी शिनाख्त नौशाद निवासी मोहल्ला किला मंगलौर व आजाद निवासी किन्ना, तितावी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई थी। पुलिस का कहना था कि दोनों बदमाश थे। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उनको गोली लग गई, जिससे उनकी मृत्यु हुई। दोनों मृतक के परिजनों ने पुलिस की कहानी को झूठा करार देते हुए इसे फर्जी मुठभेड़ बताया था। आजाद की मां कुंती देवी ने मामले को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग दिल्ली में गुहार लगाई गई। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराई। इसमें मामला फर्जी पाया गया। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग दिल्ली ने राज्य सरकार को दोनों मृतकों के पीड़ित परिवार को ढाई-ढाई लाख रुपये बतौर मुआवजा दिए जाने के आदेश दिए थे। दो माह पूर्व पीड़ित परिवार को यह मुआवजा मिल चुका है। पीड़िता कुंती देवी ने एक माह पूर्व राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग दिल्ली को प्रार्थना-पत्र भेजकर इस मामले की जांच सीबीसीआइडी से कराने की गुहार लगाई थी, जिसके चलते देहरादून से सोमवार को सीबीसीआइडी की एक टीम रुड़की पहुंची। उन्होंने एनकाउंटर में शामिल रहे मंगलौर कोतवाली के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक व रुड़की कोतवाली के वर्तमान प्रभारी निरीक्षक जयमल सिंह नेगी से घटना के संबंध में बयान लिए। सीबीसीआइडी की टीम ने एनकाउंटर को लेकर अन्य जानकारी भी ली है।

No comments:

Post a Comment