For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

तीन माह में ही ध्वस्त हो गई सिंचाई नहर

गरुड़ (बागेश्वर): सिंचाई विभाग के घटिया निर्माण कार्य की पोल रिठाड़ नहर ने खोल दी है। तीन माह पूर्व बनी यह नहर ध्वस्त हो गई है। जिस कारण काश्तकार रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अभियंता को निलंबित करने व सिंचाई व्यवस्था सुचारु किए जाने की मांग की है।
गत वर्ष सिंचाई विभाग ने आपदा निधि के तहत रिठाड़ नहर के लिए पैसा मांगा तथा इस पर निर्माण कार्य के नाम पर धन को ठिकाने लगा दिया। अभियंता द्वारा भी इस नहर के निर्माण के वक्त गुणवत्ता पर कतई ध्यान नहीं दिया जिस कारण यह नहर काश्तकारों को एक रोपाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं करा सकी व ग्रामीण ठगे से रह गए। नहर के ध्वस्त होने के कारण ग्रामीणों की लगभग 150 नाली से अधिक भूमि असिंचित पड़ी है तथा वे पूर्ण रूप से बरसात पर निर्भर हो गए हैं। काश्तकारों ने बताया कि कई बार इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया है परंतु उनके द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे उनका विश्वास प्रशासन से उठ रहा है। ग्रामीण मदन कांडपाल, अर्जुन राणा आदि ने नहर के कार्यो की जांच कर अभियंता को निलंबित करने व सिंचाई व्यवस्था सुचारु किए जाने की मांग की है। इसके अलावा पाये व दर्शानी की सिंचाई नहर में भी अब तक सिंचाई विभाग पानी नहीं चला पाया है जिस कारण काश्तकार परेशान हैं व वे भी बरसात पर निर्भर हैं व मानसून का इंतजार कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment