For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

कैसे बनेंगे गुदड़ी के लाल

सुल्तानपुर पट्टी : गरीब परिवारों को साक्षर बनाने की कवायद ठंडे बस्ते में नजर आ रही है। आलम यह है कि सर्वशिक्षा अभियान के तहत गरीब खानाबदोश परिवारों के बच्चों को साक्षर बनाने के लिए संचालित देव भूमि मुस्कान केंद्रों का मूल उद्देश्य पूरा न होने से ऐसी स्थिति सामने आ रही है। इसका असर क्षेत्र से श्रमिक परिवारों के पलायन के रूप में भी नजर आ रहा है। ऐसे में सवाल है कि आखिर गुदड़ी के लालों को तराशने की सरकारी मंशा भला कैसे पूरी हो सकती है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत गरीब खानाबदोश लोगों के बच्चों को साक्षर बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से देव भूमि मुस्कान केंद्र चलाये जा रहे हैं। यह केंद्र औद्योगिक क्षेत्र की श्रमिक बस्ती, ईट भट्टा कालोनी तथा कोसी नदी सहित विभिन्न नदियों के खनन इलाकों में संचालित हो रहे हैं। खनन क्षेत्र में अधिकांश श्रमिक उप्र के बरेली, बदायूं, आजमगढ़, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बिजनौर, गाजियाबाद समेत अन्य जनपदों के लोग खनन कार्य में मय परिवार यहां आकर रहते हैं। ऐसे में इनके बच्चों का शिक्षा ग्रहण करने का जिम्मा बाल एवं महिला कल्याण समिति लखनपुर (रामनगर) की संस्थान ने लिया है। यह संस्था इन बच्चों को वर्ष के नौ माह तक पढ़ाने का दावा करती है। लेकिन प्रमाण पत्र के नाम पर बच्चों को कुछ भी नहीं दिया जाता। हर सल जून के पहले सप्ताह में यह केंद्र बंद हो जाते हैं, क्योंकि खनन कार्य बरसात के मौसम में तीन माह प्रतिबंधित होता है। ऐसे में इस कार्य में लगे अन्य प्रदेशों से आये श्रमिक पुन:अपने मूल निवास पर वापस लौट जाते हैं। ऐसे में जो बच्चे मुस्कान केंद्र में शिक्षा ग्रहण करते थे वह शिक्षा की मुख्य धारा से अलग हो जाते हैं। ग्राम सलीमपुर मुरादाबाद निवासी त्रिवेणी देवी पत्‍‌नी तेजपाल ने बताया कि उनके गांव में स्कूल तो है, लेकिन पुन:वापसी के चलते हम अपने बच्चों का वहां दाखिला नहीं करा पाते। मुन्ना लाल निवासी राजपुरा पीपली मुरादाबाद का कहना हैं कि मेरे चार बच्चे हैं। उनके तीन बच्चे मुस्कान केंद्र में पढ़ते हैं, लेकिन घर जाने के बाद इनकी पढ़ाई बंद हो जाती है। उधर बाल महिला कल्याण समिति के अध्यक्ष चंदन सिंह मनराल ने बताया कि हमारे केंद्रों में प्राथमिक स्तर तक का पठन-पाठन कराया जाता है। नौ माह के बाद बच्चों की कक्षा स्थल पर परीक्षा ली जाती है। तत्पश्चात बौद्धिक स्तर के आधार पर बच्चे का अगली कक्षा में पंजीकरण किया जाता है। उनकी ओर से बाहरी जगहों से आने वाले प्रत्येक श्रमिक का समिति द्वारा शीघ्र ही एक पहचान कार्ड निर्गत कर संबंधित जिले के अधिकारियों को प्रेषित करने की कार्यवाही की जा रही है।

No comments:

Post a Comment