For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

बारात में आए दो किशोर सोनाली नदी में डूबे, मौत

मंगलौर: आमखेड़ी गांव बारात में आये दो किशोर गर्मी से बचने के लिए सोनाली नदी पर नहाने गये तो पानी के तेज बहाव में बह गये। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों व अन्य युवकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, पर उनका कहीं पता नहीं चल सका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी के गहरे पानी से घंटों की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव बरामद किये। दोनों किशोरों को हाईस्कूल का छात्र बताया जा रहा है।
शुक्रवार को आमखेड़ी गांव में पाल्लू पुत्र हरचंद की पुत्री की शादी थी। उसकी बारात गांव नन्हेड़ा अनंतपुर थाना भगवानपुर से आई थी। बारात में आये कुछ युवक गर्मी से बचने के लिए सोलानी नदी में नहाने चले गये। नहाते समय रोहित पुत्र अरविंद तथा गगन पुत्र राजपाल गहरे पानी में चले गये और पानी के तेज बहाव में बह गये। उनके साथी युवकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिल सकी। शोरगुल सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी आ गये और युवकों के साथ मिलकर दोनों किशोरों को ढूंढने का प्रयास किया। दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही कोतवाल महेन्द्र सिंह नेगी व उपनिरीक्षक प्रदीप नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से नदी के गहरे पानी में दोनों किशोरों की तलाश की। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव बरामद करने में पुलिस को कामयाबी मिल गई। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराये ही दोनों किशोरों के शव उनके हवाले कर दिये हैं। परिजन दोनों किशोरों के शव लेकर वापस लौट गये हैं।

No comments:

Post a Comment