For advertisement contact-09319700701

Thursday, June 9, 2011

युवती को जिंदा जलाने का प्रयास

केलाखेड़ा,बाजपुर : मुज्जफरनगर वार्ड मे एक युवती को मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं दरिंदों ने घर को भी आग के हवाले कर दिया। यह दुस्साहसिक वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि उसके भाई के ससुरालियों ने ही अंजाम दी। गंभीर रूप से झुलसी युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गत पांच जून को इस घर की बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई थी।
बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे केलाखेड़ा के मुज्जफरनगर वार्ड निवासी विद्याराम जोशी के घर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों के साथ ही मकान के अंदर के हिस्से में मौजूद परिवारजन बाहर निकल आए। देखा कि विद्याराम की पुत्री अर्चना (18 वर्ष) आग से घिरी हुई है। पड़ोसियों की मदद से परिजनों ने किसी तरह आग बुझायी, लेकिन तब तक अर्चना बुरी तरह झुलस चुकी थी। सूचना पर तत्काल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कोतवाल हरीश मेहरा, चौकी प्रभारी योगेश उपाध्याय ने अर्चना के बयान दर्ज किये। उसने बताया कि बड़े भाई विकास के ससुर सुनहरी किच्छा निवासी ब्रह्मास्वरूप, साले जितेन्द्र, राहुल व कुलदीप आये और उन्होंने उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। साथ ही घर में भी तेल उड़ेल दिया। उसने चीख-पुकार मचायी तो सभी फरार हो गए। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी अर्चना को 108 सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं मामले को गंभीर मानते हुए एएसपी जगतराम जोशी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से पूछताछ की।
बताते चले की गत पांच जून को विद्याराम जोशी के पुत्र विकास की पत्‍‌नी रचना संदिग्ध परिस्थिति में जल गई थी, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। रचना के पिता ब्रह्मास्वरूप ने अपने समधी विद्याराम जोशी, दामाद विकास, सास शशि जोशी, ननद कंचन, आंचल व देवर नितिन समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। माना जा रहा है कि रचना की मौत का बदला लेने के लिए ही मायके वालों ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया।

No comments:

Post a Comment