For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

जांच टीम के सामने नहीं आई प्रधान

विकासनगर: विकासनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जमनीपुर में मनरेगा के कार्याें में धांधली के मामले में जांच कमेटी के सदस्यों ने दस्तावेजों की जांच की व ग्रामीणों का पक्ष जाना। टीम के सामने ग्राम प्रधान उपस्थित नहीं हुई। प्रधान पति ने टीम को मनरेगा से संबंधित दस्तावेज भी नहीं दिखाए। टीम ने प्रधान को 29 जून को दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा है।
नैनीताल हाईकोर्ट ने गत 15 जून को जांच कमेटी को आठ सप्ताह के भीतर मामले की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। जमनीपुर के पंचायत सदस्य संजीव कुमार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि गांव में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यो में धांधली की जा रही है। प्रधान द्वारा मनरेगा के तहत चहेतों को लाभ दिया जा रहा है और कई लोगों के फर्जी हस्ताक्षर कर मस्टरोल व जॉब कार्ड बनाकर उनके नाम से हजारों रुपये की धनराशि आहरित की जा रही है। कैश बुक व बिल बाउचर का भी रखरखाव नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा कुछ अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। मामले की जांच के लिए गत माह शासन स्तर पर एक तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी। शुक्रवार को यह कमेटी विकासनगर पहुंची और ब्लॉक कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की, उसके पश्चात टीम जमनीपुर पहुंची। जमनीपुर पंचायत घर में टीम ने ग्रामीणों का पक्ष जाना। ग्राम प्रधान अनीता देवी टीम के समक्ष उपस्थित नहीं हुई। पूछे जाने पर प्रधान पति ने बताया कि प्रधान रिश्तेदार की तबियत खराब होने पर उसे देखने गई हैं। टीम ने जब प्रधान पति से मनरेगा से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह दस्तावेज नहीं दिखा पाया। टीम ने प्रधान को 29 जून को सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा है। टीम में डीआरडीए के उप निदेशक मोहम्मद असलम, परियोजना समन्वयक एके राजपूत व ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के सहायक अभियंता ललित मोहन शामिल थे।

No comments:

Post a Comment