For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 4, 2011

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

हल्द्वानी: मंडी चौकी अंतर्गत शनि बाजार स्थल के समीप रहने वाली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव पंखे से लटका हुआ मिला। मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतका की पिता की ओर से दहेज हत्या के मुकदमा भी दर्ज कर फरार ससुरालियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम ढकिया बिलारी, पीपलसाना, ठाकुरद्वारा मुरादाबाद निवासी हिना परवीन का विवाह 10 अप्रैल को शनिबाजार स्थल, इंदिरानगर बरसाती निवासी मो. हनीफ के पुत्र अली आजम के साथ हुआ था। शुक्रवार दोपहर हिना की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सायं पुलिस को घटना की जानकारी मिली। जिस पर एएसपी पी रेणुका देवी, कोतवाल पीके शाह एवं मंडी चौकी प्रभारी मनोज रतूड़ी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका शव नीचे उतरवाया। वहीं घटना के बाद से ससुराली पक्ष घर से गायब हो गया था। सायं तक मृतका के पिता अहमद हसन भी परिजनों के साथ यहां पहुंचे। यहां पहुंचते ही मायके पक्ष के लोग हिना का शव पड़ा देख बिलख पड़े। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अली की यहां फ्रेबिकेशन की दुकान है। दुकान के पीछे ही घर है। परिवार में सात भाई हैं, जिनमें से तीन की शादी भी हो चुकी है। शुक्रवार दोपहर से पूरा परिवार घर से फरार है। मृतका के पिता अहमद हसन ने बताया कि पिछले शुक्रवार को ही हिना मायके आई थी। जबकि गुरुवार सायं भी उससे फोन पर बात हुई थी। हालचाल पूछने पर उसने ससुरालियों द्वारा पांच लाख रुपए या कार दहेज में लाने की मांग करने की बात कही। इसके बाद वह रोने लगी तो वहां आकर बातचीत से मामला सुलझा लेने का आश्वासन देकर चुप कराया। श्री हसन ने कहा कि ससुरालियों ने उन्हें तक जानकारी नहीं दी। किसी स्थानीय व्यक्ति का यहां से उनके पास फोन आया। जिसके बाद उन्होंने दामाद अली से पूछा तो उसने रामपुर में होने की बात कही। पिता ने पुत्री के शव के समीप एक पत्र मिलने की बात कही है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को कथित घटना के समय मृतका का देवर व जेठ यामीन की पत्नी घर पर थी। देवर का कहना था कि हम लोग ऊपर के कमरे में टीवी देख रहे थे, तभी नीचे के कमरे में स्टूल गिरने की आवाज आई देखा। नीचे आकर देखा तो हिना भाभी पंखे से लटकी थी। कोतवाल पीके शाह ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।

No comments:

Post a Comment