For advertisement contact-09319700701

Wednesday, June 8, 2011

भू बैकुंठ की चोटियों में रोपित होंगे बदरी फल

बदरीनाथ:गढ़वाल सांसद सतपाल महाराज ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दर्शन करने के उपरान्त दैनिक जागरण से खास बातचीत में महाराज ने बताया केन्द्र सरकार के प्रयासों से अब बदरीनाथ धाम में हेलीकॉप्टर से बदरीफल के बीज रोपित किये जाएंगे। ऐसा ही जम्मू कश्मीर में भी किया जायेगा।
जागरण संवाददाता से दूरभाष पर हुई बातचीत में सांसद महाराज ने कहा कि बदरीफल में विटामिन एवं स्वास्थ्य लाभ की अचूक औषधियां विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी की पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना स्वीकृत हो गई है। क्षेत्र के सभी प्रधानों ने इसकी मांग की थी। पूर्व में पर्यावरण की दृष्टि से इस योजना को रोका गया था। इसके निर्माण के लिए 25 हजार करोड़ विश्व बैंक और 15 सौ करोड़ टीएचडीसी निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में स्थानीय लोगों को मकान बनाने की अनुमति मिलनी चाहिये। यह दायित्व राज्य सरकार का है। सत्याग्रह यात्रा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रदेश सरकार की भ्रष्टता को देखते हुए उसे उखाड़ने के लिए है। सरकार ने पूर्व कांग्रेसी सरकार पर 56 घोटालों का आरोप लगाया था, किन्तु उन आरोपों को उजागर करने के बजाय उल्टे 65 घोटालों में यह सरकार फंस गई है। पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य एवं सीवर लाइन जैसे मूलभूत मुद्दों से यह सरकार कोसों दूर है। अन्त में महाराज ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तरफ से भगवान बदरीविशाल की पूजा अर्चना की और देश तथा प्रदेश की उन्नति के लिए कामना की। वार्ता में पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, बदरी केदार कर्मचारी कल्याण परिषद के अध्यक्ष बाबा उदय सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष गौचर विजय प्रसाद डिमरी, बलदेव मेहता, राहुल गांधी बिग्रेड के प्रदेश सचिव टीका प्रसाद डिमरी एवं गुणानंद कोठियाल आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment