For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

नगर परिक्रमा से भक्तिमय हुआ वातावरण

विकासनगर : दि इंडियन पब्लिक स्कूल राजावाला परिसर के पास नवनिर्मित महामानव मृत्युंजय शिव शक्ति मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में क्षेत्र में भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। नगर परिक्रमा का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया।
नगर परिक्रमा मंदिर से शुरू होकर पोड़वाला, भगवानपुर, भाऊवाला, सुद्धोवाला, सेलाकुई, बहादुरपुर व तेलपुरा होते हुए वापस मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। नगर परिक्रमा में लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। विभिन्न मठों के मठाधीश व महामंडलेश्वर नगर परिक्रमा की अगुवाई कर रहे थे। नगर परिक्रमा राजावाला मंदिर, बाला सुंदरी मंदिर, बालाजी धाम, डॉटकाली मंदिर से आशीर्वाद लेते हुए आगे बढ़ी। नगर परिक्रमा में शामिल गोडिया मठ से आए भक्तों ने कीर्तन से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें भजन मंडली भजन प्रस्तुत करती हुई चल रही थी। नगर परिक्रमा में त्रिनिनाद व टिबोगो के उच्चायुक्त चंद्र दत्त व उनकी पत्नी भी शामिल हुई। इससे पूर्व महामानव मृत्युंजय शिव शक्ति मंदिर में मूर्तियों का पूजन व महास्नान दिल्ली से आए पंडित बृजमोहन शास्त्री के नेतृत्व में 11 ब्राह्मणों की टीम ने संपन्न कराया। पूजन कार्यक्रम में दि इंडियन पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष रविंद्र किशोर सिन्हा, उनकी पत्नी रीता किशोर सिन्हा, ऋतुराज सिन्हा व अमन सिन्हा शामिल हुए। 25 व 26 जून को सायं छह बजे से आठ बजे तक साध्वी दीदी मां ऋतंभरा का प्रवचन होगा। नगर परिक्रमा में स्वामी चिदविलासा नंद, स्वामी आत्मबोधानंद सरस्वती, सुरेशानंद महाराज, कृष्णानंद, मुकुंद प्रकाश शास्त्री, महंत परमानंद पुरी, चेतन गिरी व स्कूल के एडमिनिस्ट्रेटिव अशोक प्रसाद, विभोर प्रकाशम, सतीश अग्रवाल, एके सिंह आदि शामिल थे।

No comments:

Post a Comment