For advertisement contact-09319700701

Wednesday, June 8, 2011

पहाड़ की राजधानी बने गैरसैंण

चम्पावत:उत्तराखंड लोकवाहिनी ने चेतना आंदोलन के तहत जनयात्रा निकालते हुए पहाड़ की राजधानी गैरसैंण बनाने के लिए लोगों से आगे आने को कहा है। जल, जंगल, जमीन पर जनता के हक की वकालत करते हुए राज्य को लूट रहे राजनैतिक दलों से सावधान रहने की अपील की गई है।
उत्तराखंड लोकवाहिनी, महिला मंच तथा चेतना संस्था के संयुक्त तत्वावधान में निकली इस यात्रा में बोलते हुए डा. शमशेर बिष्ट ने कहा कि यदि यहां के लोग राज्य गठन के दस साल बाद भी नहीं चेते तो इसके गंभीर परिणाम उन्हें देखने को मिलेंगे। उनका कहना था कि दिल्ली की डोर से बंधे सियासी दल राज्य का भला नहीं कर सकते हैं। इन दलों ने तो पहाड़ के विकास को लूटने और खसोटने का कार्य किया है। उन्होंने राज्य के लिए संघर्षशील लोगों से एकजुट होने की अपील की और कहा कि वह जनजागरण के जरिए जनता के बीच इस बात को प्रमुखता से ले जाएं। साथ ही एक ऐसा तीसरा विकल्प तैयार करें जो यहां की जनता की सोच के अनुरूप आदर्श राज्य का निर्माण कर सके। जिससे आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों को पूरा किया जा सके। यात्रा का चम्पावत में तमाम लोगों ने स्वागत किया। इस यात्रा में रामसिंह, मनीष सुंदरियाल, नारायण रावत, पृथ्वीपाल पर्णवाल, बसंत खनी, मनोज त्यागी, जीतू तथा बरद भाई शामिल थे।

No comments:

Post a Comment