For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

सरकारी राशन डकार रहे माफिया, जरूरतमंद वंचित

भगवानपुर, प्रतिनिधि (रुड़की): क्षेत्र में बड़े पैमाने पर राशन की कालाबाजारी हो रही है, लेकिन विभाग इस पर कार्रवाई नहीं कर रहा है।
राशन की कालाबाजारी के मामले में भगवानपुर, रुड़की देहात व नारसन क्षेत्र काफी समय से सुर्खियों में हैं। इन क्षेत्रों में माफिया का मजबूत नेटवर्क है। राशन डीलरों के तार राशन माफिया से जुड़े बताए जाते हैं। बताया गया कि कई डीलर तो माफिया से ही लेकर खाद्यान्न का पैसा जमा करते हैं। नन्हेड़ा में राशन माफिया द्वारा राशन का गेहूं-चावल खरीदकर जमा किए जाने का मामला दो दिन पहले प्रकाश में आ चुका है। वहां पर मीडियाकर्मियों पर राशन माफिया के लोगों ने हमला भी किया। इस मामले में पुलिस का रुख भी कहीं न कहीं राशन की कालाबाजारी करने वालों के प्रति नरम रहा। एक माफिया ने तो कस्बे में ही गोदाम बना लिया है। एसडीएम ने धीरमजरा के राशन डीलर महावीर व लोदीवाला के डीलर वेदपाल की दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति डीएम को भेजी है, पर कालाबाजारी करने वाले डीलरों पर कोई दबाव नहीं बना है। यदि ग्रामीणों की मानें तो केरोसिन भी गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है। उसे डिपो पर ही छोड़ दिया जाता है। भ्रष्टाचार उन्मूलन परिषद के पूर्व सचिव राजपाल सिंह, बालेश्वर प्रसाद का कहना है कि खाद्य आपूर्ति विभाग को शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसीलिए राशन की कालाबाजारी करने वाले डीलरों के हौंसले बुलंद है। वहीं, खाद्य आपूर्ति निरीक्षक रमेश चंद का कहना है कि डीलरों को आवंटित खाद्यान्न के कोटे का सत्यापन किया जा रहा है। उसके बाद ही वितरण होता है। जो शिकायत आती है, उस पर जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment