For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

एक करोड़ कांवड़िये पहुंचने का अनुमान

हरिद्वार: कांवड़ मेले में पुलिस प्रशासन एक करोड़ तक कांवड़ियों के आने का अनुमान लगा रहा है। लिहाजा, पुलिस अभी से तैयारियों में जुट गई है। भीड़ नियंत्रण पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस बल ने हरकी पैड़ी सहित विभिन्न जगहों पर संवेदनशील स्थान चिह्नित किए।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस तैयारी में जुट गई है। पुलिस का अनुमान है श्रावण की कांवड़ यात्रा में इस साल करीब एक करोड़ कांवड़िए आ सकते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण ही पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती होगी। हरकी पैड़ी व उसके आसपास क्षेत्र का जिस तरह का भूगोल है, उसमें क्राउड मैनेजमेंट हमेशा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहा है। बहरहाल, एसपी सिटी डॉ. किरण लाल शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हरकी पैड़ी व उसके आसपास क्षेत्र का निरीक्षण कर संवेदनशील जगहों को चिह्नित किया। हरकी पैड़ी के विभिन्न घाटों सहित, कांगड़ा पुल, संजय पुल, भागीरथी पुल, अपर रोड, मोती बाजार, ब्रह्माकुंड एंट्री गेट को सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के लिहाज से संवेदनशील माना गया। इस बार अधिकांश पुलिसकर्मी नए आए हैं। ऐसे में शुरुआत में ही उन्हें संवेदनशील जगहों की जानकारी दी जा रही है, ताकि भीड़ बढ़ने पर किसी तरह की परेशानी न हो। पुलिस कांवड़ यात्रा को फाइनल टच देने से पहले धरातल की स्थिति को अच्छी तरह से परखना चाहती है। एसपी सिटी ने बताया कि भीड़ को किस तरह नियंत्रित करना है, इस बारे में जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। किसी तरह की भगदड़ होती है या भीड़ ज्यादा होती है तो उसके लिए अलग से कार्ययोजना होगी। जल्द ही पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाएगी। इस दौरान शहर कोतवाली निरीक्षक प्रीतपाल सिंह रौतेला, हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी कमल मोहन भंडारी आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment