For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 4, 2011

गरम दूध बना प्राचार्य का पद

श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था चार सालों में भी पटरी पर नहीं आ पायी। कॉलेज संचालन को लेकर प्राचार्य का पद गरम दूध का घूंट भी बना है। मेडिकल कॉलेज संचालन को लेकर सचिवालय की कार्य पद्धति भी परेशानी का सबब बनी हुई है। सरकार के प्रयासों पर जब तब सचिवालय स्तर से लगते पलीते मेडिकल कालेज व्यवस्था को ढर्रे पर नहीं आने देते हैं। यही कारण है कि अब तक हुए तीनों एमसीआई निरीक्षण के बाद प्राचार्य भी बदलते रहे।
मेडिकल चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी वरिष्ठ फैकल्टियों का भी कहना है कि मेडिकल कालेज संचालन को प्रोफेशनल रूप से लेना होगा। अधिकार विहीन प्राचार्य से कार्य नहीं चलेगा। मेडिकल चिकित्सा शिक्षा का अलग निदेशालय नहीं होने से भी परेशानियां बढ़ी हैं। संविदा और दैनिकों के वेतन को लेकर बजट की समस्या फैकल्टियों का अभाव, कालेज और बेस चिकित्सालय के सुचारु संचालन के लिए समय से बजट नहीं मिलना हर प्राचार्य के लिए सिरदर्द बना रहा। स्थायी नियुक्तियां नहीं होने से फैकल्टियां भी चलायमान रहती है। जानकार लोगों का कहना है कि चिकित्सा शिक्षा का अलग संवर्ग और निदेशालय बने बिना समस्याएं जस की तस बनी रहेंगी। मेडिकल कालेज और उससे जुड़े बेस चिकित्सालय की समस्याओं का हल समय रहते होना जरूरी है। बेस की सीटी स्कैन मशीन को ठीक करवाने के लिए सचिवालय से अनुमति पांच महीने बाद मिली। जबकि रोगों के उपचार के लिए चिकित्सा से जुड़ी मशीनों का हर समय ठीक रहना जरूरी भी है।
2008 में श्रीकोट गंगानाली में राज्य के पहले राजकीय मेडिकल कालेज की स्थापना तत्कालीन मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत की गई। स्थापना के एक साल बाद से ही कालेज के प्रबंधन में कमियां आनी शुरु हो गई। वरिष्ठ फैकल्टियां भी जब-तब यहां से जाने लगी। मेडिकल चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि इस मेडिकल कालेज को सुचारु रुप से संचालित करने के लिए चिकित्सा शिक्षा विशेषज्ञों की राय ली जानी चाहिए। फैकल्टियों के चयन में क्वांटिटी का नहीं क्वालिटी का ध्यान रखा जाए।

No comments:

Post a Comment