श्रीनगर: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति केंद्र की ओर से चौरास प्रेक्षागृह में रविंद्र नाथ टैगोर के नाटक छुट्टी का मंचन किया गया। दो दिनों तक चले इस नाटक की प्रस्तुति ने जमकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। शनिवार व रविवार को चौरास स्थित स्वामी मनमंथन पेक्षागृह में विवि के लोककला एवं संस्कृति केंद्र के छात्र-छात्राओं ने रविंद्र नाथ टैगोर के नाटक छुट्टी का मंचन किया। नाटक की पूरी कहानी देवेंद्र देबू के इर्द गिर्द घूमती है जो अपनी मां से बिछुड़ कर गांव से अपने मामा के साथ शहर जाता है और वहां अपनी मामी के व्यवहार से परेशान होकर उसे गांव की याद आती है। नाटक में स्कूल के अध्यापक, थाने के पुलिसवाले और डॉक्टर भी इस सफर के अनेक पड़ाव के विभिन्न चरित्र हैं। नाटक में लोक कला एवं संस्कृति केंद्र के पूर्व निदेशक प्रो. डीआर पुरोहित बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। नाटक का निर्देशन डॉ. सुवर्ण रावत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रंगमंच से समाज को एक नई दिशा मिलती है। विभाग के प्रवक्ता संजय पांडे ने कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नाटकों से कलाकारों की प्रतिभा में निखार आता है। नाटक में देबू की भूमिका में मनीष खाली, मामी मालती हालदार, मामा कुणाल डोभाल, दरोगा अरविंद टम्टा, कांस्टेबल सूरत रावत समेत मुकेश, स्वाति, शशांक, अंजली आदि का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इस अवसर पर श्रीश डोभाल, प्रेममोहन डोभाल, राकेश भट्ट, ईशान डोभाल, अजीत पंवार, सलिल डोभाल आदि उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment