For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

पुलिस वाले छुड़ाए, हमलावर फरार : एसपी

पुरोला: शनिवार को पुरोला में एक सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबिल की पिटाई का मामला उलझता नजर आ रहा है। हालांकि कार्यवाहक जिलाधिकारी हेमलता ढौंडियाल ने घटना की जांच संयुक्त रूप से एसडीएम पुरोला और अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी है, लेकिन पुलिस और राजस्व पुलिस दोनों घटना के पीछे अलग-अलग कहानी बता रहे हैं। पुलिस मामले को खाल तस्करी का बता रही है, जबकि राजस्व पुलिस तीनों पुलिस वालों पर पकड़े गए व्यापारी को छोड़ने की एवज में पैसे मांगने का आरोप लगा रही है। सच क्या है यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
शनिवार को पुरोला में दो वाहनों में आए दर्जनों लोगों ने एक सब इंस्पेक्टर और दो कास्टेबिलों की पिटाई की और अपने साथ उठा ले गए। बाद में पुरोला पुलिस की मदद से तीनों को छुड़ा लिया गया। सूचना मिलते ही उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते पुरोला रवाना हो गये थे। पुरोला में पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने बताया कि दो माह पूर्व देहरादून के गढ़ी कैंट में बाघ की खाल तस्करी में त्यूणी क्षेत्र के कुछ तस्करों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन इस बीच बल्लू नाम का एक आरोपी पुलिस की पकड़ से भाग गया था। इसे इनामी बदमाश बताया जा रहा है। डॉ. दाते के अनुसार इसी को पकड़ने के लिये पुलिस ने आरोपी के एक संबंधी राजू को दो दिन पूर्व त्यूणी से पुरोला ले आई। इसे छुड़ाने के लिये शनिवार को ही त्यूणी के कुछ लोगों ने पेट्रोल पंप पुरोला में पुलिस कर्मियों की पिटाई कर डाली। उन्होंने बतया कि स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस कर्मियों को छुड़वा लिया गया, लेकिन एक भी हमलावर पकड़ा नहीं जा सका।
कार्यवाहक जिलाधिकारी उत्तरकाशी के आदेश पर एसडीएम पुरोला यूएस राणा और एएसपी बीएस भंडारी ने घटना की संयुक्त जांच शुरू कर दी है। घटना से डीएम देहरादून को भी अवगत करा दिया गया है। एसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि संयुक्त जांच के बाद ही आरोपियों पर मुकदमा दर्ज होगा। इस दौरान उन्होंने घायल पुलिस कर्मियों से मुलाकात भी की। दूसरी ओर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती घायल पुलिस कर्मियों ने बताया कि त्यूणी के ईनामी तस्कर को छुड़वाने को लेकर ही उनके साथ मारपीट की गई है। इन लोगों ने उनका सर्विस रिवाल्वर भी लूट लिया।
बहन ने कराई थी रिपोर्ट
पुरोला : आरोपी राजू की बहन ने अपने भाई को जबरन उठाने व फिरौती की मांग को लेकर त्यूणी राजस्व पुलिस में उक्त पुलिस कर्मियों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसडीएम यूएस राणा ने बताया कि घटना की जांच के बाद ही तथ्य सामने आएंगे। फिलहाल राजस्व पुलिस के घटना में शामिल होने की सूचना मिली है।

No comments:

Post a Comment