For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

झांसा देकर लड़कियों को भगाने वाला गिरोह सक्रिय

द्वाराहाट: इन दिनों किशोरियों को बहला फुसलाकर अथवा शादी का स्वांग रचाकर बाहर पहुंचाने का धंधा जोर-शोर से चल रहा है। मजेदार बात यह है कि राज्य की मित्र पुलिस के संज्ञान में होते हुए भी लड़कियों की गुमशुदगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिससे पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगने लगे हैं। दरअसल पहाड़ी क्षेत्रों में लड़कियों को शादी के बहाने अथवा प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले जाने वाले कई गिरोह लंबे समय से सक्रिय हैं। पिछले एक सप्ताह से द्वाराहाट तहसील की दो अलग-अलग गांवों की लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाया जा चुका है। दूसरी ओर शादी के नाम पर लड़कियों को ले जाने वाले गिरोह भी सक्रिय हैं। सूत्रों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से हरियाणा नंबर की एक टोयोटा कार फिर से बिंता, मटेला, दुधोली सहित चौखुटिया विकासखंड के कई गांवों में चक्कर काट रही है। ऐसा भी नहीं माना जा सकता कि पुलिस को उक्त वाहन की जानकारी न हो। क्योंकि क्षेत्रवासियों द्वारा पुलिस को पूर्व में भी शादी के बहाने लड़कियों को भगा ले जाने वालों की सूचना वाहन नंबर व रुट सहित उपलब्ध करवाए जाने की की बात भी कही जा रही है। लेकिन पुलिस द्वारा कभी रजामंदी होने व कभी आवश्यक कार्य का हवाला देकर उक्त वाहनों की जांच-पड़ताल नहीं की गई। गरीब लड़कियों को शादी के नाम पर बहला-फुसलाकर हरियाणा व अन्य राज्यों मे ले जाने का सिलसिला पिछले कुछ सालों से बदस्तूर जारी है। हाल में यहां से भगाई गई एक युवती के हल्द्वानी में बरामद होने की सूचना है। परंतु गत दिवस एक गांव से गायब हुई युवती के विषय में संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि वह किसी बड़े गिरोह के चंगुल फंस चुकी है। बताया जाता है कि उक्त युवती अन्य समुदाय के व्यक्ति के साथ फरार हुई है। पुलिस द्वारा बाहरी व्यापारियों के सत्यापन किए जाने के बावजूद संदिग्ध किस्म के लोगों का क्षेत्र में सक्रियता पर कोई अंकुश नहीं लग सका। कुल मिलाकर पहाड़ की भोली-भाली लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर अथवा शादी के नाम पर देश-विदेशों में ले जाने का धंधा जोरों पर है। जिस पर पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।

No comments:

Post a Comment