For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 11, 2011

फूड प्वाइजनिंग से दो दर्जन बच्चे बीमार

घनसाली, निज प्रतिनिधि: भिलंगना प्रखंड के पट्टी नैलचामी के ग्राम पंचायत मंज्याड़ी में बारात में शामिल होने आए दो दर्जन से भी अधिक बच्चे फूड प्वाइजनिंग से बीमार हो गए हैं। उनका प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिलखी में उपचार किया गया चिकित्सकों ने उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी है।
पट्टी नैलचामी के ग्राम मंज्याड़ी में बीते गुरुवार सांय को कीर्तिनगर के ग्राम ढुंडसिर थापली की बारात मंज्याड़ी पहुंची थी बारात में काफी संख्या में बच्चे भी शामिल थे। रात्रि को खाना खाने के बाद दो बजे रात को एक ही कमरे में सो रहे दो-तीन बच्चों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए इसके बाद एक के बाद एक करीब दो दर्जन से भी अधिक बच्चों को उल्टी दस्त शुरू हो गई जिस कारण गांव में अफरा-तफरी मच गई। बीमार सभी बच्चों की उम्र 15 साल से कम बताई जा रही है। आधी रात में ही बीमार बच्चों को ग्रामीणों की मदद से पीएचसी पिलखी मे पांच बजे के करीब भर्ती कराया गया जहां पर सभी को उपचार दिया गया। उधर इस संबंध में पिलखी के प्रभारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि करीब दो दर्जन से भी अधिक बच्चों को बारात में बासी भोजन दही, पनीर खाने से फूड प्वाइजनिंग हो गया। सभी बीमार बच्चों को उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रखंड के मुख्य बाजार घनसाली व चमियाला में भी खाद्यान्न निरीक्षक की मदद से दुकानों में खाने-पीने की सामग्री का निरीक्षण किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment