For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 25, 2011

एनएसयूआइ ने किया चक्काजाम

पिथौरागढ़: प्राइवेट स्कूलों पर मनमानी फीस वसूलने का आरोप लगाते हुए एनएसयूआइ ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर चक्काजाम कर दिया। जिला शिक्षाधिकारी द्वारा इस मामले में कार्रवाई का लिखित आश्वासन देने पर कार्यकर्ताओं ने जाम खोला।
अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। जाम स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा नगर के प्राइवेट स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे हैं, जिसका खामियाजा गरीब अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है। शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीट आरक्षित करने के नियम के बाद भी विद्यालय गरीब बच्चों को प्रवेश नहीं दे रहे हैं। विद्यालयों द्वारा निर्धारित दुकानों से ही कापी-किताब और ड्रेस खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य किया जा रहा है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रतिनिधि अभिषेक अधिकारी ने कहा संगठन ने इस मामले में कई बार जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपे गये,लेकिन जिला प्रशासन ने कोई कदम नहंी उठाया, जिस कारण संगठन को चक्का जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा जब तक प्रशासन इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जाम के कारण सैकड़ों वाहन सिल्थाम में फंस गये। जाम की सूचना मिलने पर जिला शिक्षाधिकारी डा.मुकुल सती मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने जाम खोला। जाम लगाने वालों में कांग्रेस प्रवक्ता भुवन पाण्डेय,जिलाध्यक्ष ऋषेन्द्र महर, महासचिव दीपक तिवारी, आशीष हावर्ड, प्रदीप जोशी, नरेन्द्र भाट, ऊषा बिष्ट, किरन जोशी, सचिन खत्री, सतीश जोशी, पंकज, विजय, खीमराज जोशी, ईश्वर भण्डारी, देवेश सौन, प्रदीप महर, दिवाकर रावल, प्रकाश चंद, सागर खत्री, दीपक जोशी, दिलीप सिंह वल्दिया, अजय भट्ट, राजेश जोशी, पंकज पाठक आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment