For advertisement contact-09319700701

Wednesday, June 8, 2011

संदिग्ध हालत में एक और बाघिन की मौत

रामनगर: अभी तक कार्बेट पार्क व उसके आसपास का क्षेत्र बाघों के संरक्षण के रूप में जाना जाता था। लेकिन अब यही जगह बाघों की कब्रगाह के रूप में अपनी पहचान बना रही है। कार्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत कालागढ़ रेंज में एक और बाघिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाघिन की मौत के पीछे भी विभागीय अधिकारी रोजाना की भांति आपसी संघर्ष का रटा-रटाया जबाव दे रहे हैं। बाघिन की उम्र पांच से छह के बीच बताई जा रही है।
बाघिन का शव कार्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ रेंज में धारा ब्लाक के समीप हर बार की भांति इस बार भी वन कर्मियों को गश्त के दौरान पड़ा मिला। इसकी सूचना उन्होंने विभागीय अधिकारियों को दी तो उनके होश ही उड़ गए। विभागीय अधिकारी देर शाम पशु चिकित्सक को साथ लेकर मौके पर रवाना हुए। बाघिन की उम्र पांच से छह वर्ष के बीच बताई जा रही है। मीडिया कर्मियों को विभागीय अधिकारियों द्वारा घटना स्थल पर ले जाने से मना कर दिया, इससे मामला और संदिग्ध दिख रहा है। मंगलवार की देर शाम तक ही बाघ का पोस्टमार्टम किये जाने की संभावना है। यहां बता दें कि कार्बेट व उसके आसपास के क्षेत्र में जनवरी माह से अब तक ग्यारह बाघों की मौत हो चुकी है। औसतन हर माह दो बाघ मौत की नींद सो रहे हैं। लगातार हो रही बाघों की मौतों ने जहां वन्य जीव प्रेमियों को भी सकते में डाल दिया है। वहीं बाघ संरक्षण को चलाई जा रही परियोजना पर भी अब सवालिया निशान खड़े होना शुरू हो गये हैं।

No comments:

Post a Comment