For advertisement contact-09319700701

Wednesday, June 8, 2011

मोहित के साहस से बची बालिका की जान

ऋषिकेश: त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती से पूर्व एक साहसी युवक की सूझबूझ ने एक दस वर्षीय बालिका को गंगा में डूबने से बचा लिया। लोगों ने युवक के साहस की प्रशंसा की।
घटनाक्रम के मुताबिक, सायं करीब छह बजे त्रिवेणी घाट पार्किंग के ठीक नीचे कुछ लोग गंगा में पूजा अर्चना कर रहे थे। इसी बीच एक दस वर्षीय बालिका गंगा में आचमन करने उतरी और पांव फिसलने के कारण वह गंगा में बहने लगी। वहां पर अधिकांश महिलाएं मौजूद थी। महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया। इस बीच वहां पहुंचे मनीराम मार्ग निवासी 26 वर्षीय मोहित गुप्ता ने बिना कुछ सोचे समझे गंगा में बालिका को बचाने के लिए छलांग लगा दी। उसे तैरना नहीं आता था, जबकि कुछ ही दूरी पर गंगा का बहाव इतना तीव्र था कि वह संभल न पाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। युवक ने बहादुरी दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बालिका को सकुशल बचा लिया। घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने चुन्नी व कपड़े बांध कर युवक को गंगा से बाहर निकालने में मदद की। मोहित के साहस की वहां मौजूद सभी लोगों ने प्रशंसा की। उधर, सामाजिक कार्यकर्ता हरिओम ने नगरपालिका से यहां पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त करने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment