For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

नागणी में घट रहा है हेंवलनदी का जलस्तर

चम्बा: भले ही कुछ जगहों पर खूब बारिश हो रही हो, लेकिन चम्बा के आस-पास अभी तक ठीक बारिश न होने से हेंवलनदी का जलस्तर कम हो रहा है। कई जगहों पर नदी सूख चुकी है। खासकर नागणी में नदी के सूखने से किसानों की चिंता बढ़ गयी है।
चम्बा प्रखण्ड के तहत हेंवलनदी का पानी निरंतर सूख रहा है। नागणी में लगभग आधा किमी तक नदी में पानी नहीं है और यहीं पर सबसे अधिक खेती होती है। पानी न होने से किसानों की चिंता बढ़ गयी है। गत वर्ष भी नदी में पानी नहीं था, जिससे काश्तकार धान की रोपाई नहीं कर पाये थे। इस समय धान की रोपाई का सीजन है। काश्तकारों ने क्यारियां डाल रखी है। नागणी में पानी न होने से किसानों को धान की रोपाई करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। हैरत की बात यह है कि नागणी के लगभग एक किमी नदी ऊपर पानी है और नीचे की ओर भी पानी है लेकिन जहां पर सर्वाधिक खेत है, वहीं पर नदी सूखी है। काश्तकारों का कहना है फसलों को समय पर पानी न मिला तो उन्हें नुकसान हो सकता है।
पानी न मिला तो रोपाई में होगी देरी
चम्बा: नागणी के काश्तकार सुन्दर सिंह, दिनेश प्रसाद आदि का कहना है कि नदी में पानी न लौटा तो धान की रोपाई में देरी हो जायेगी। इसके अलावा नगदी फसलों के लिए भी पानी का होना जरूरी है।
गहरा गया है नदी का पानी
चम्बा: नदी के सूखने को लेकर एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के भूगर्भ विभाग के प्रो.मधुसूदन सती का कहना है नदी में पानी तो है, लेकिन वह गहरा गया है जब सीजन की पर्याप्त बारिश होगी तथा नदी में पूरा पानी होगा। पिछले दो-तीन बार की बाढ़ से नदी का स्वरूप बिगड़ा है, इसलिए भी यह स्थिति पैदा हो रही है।

No comments:

Post a Comment