For advertisement contact-09319700701

Saturday, June 4, 2011

भूमि समतल करने के काम को रुकवाया

रायवाला (ऋषिकेश):ग्राम सभा रायवाला में विवादित भूमि पर हरे बांस के दर्जनों पेड़ उखाड़ कर भूमि को समतल करने में लगी जेसीबी व तीन टै्रक्टर ट्राली को पकड़ कर ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक भूमि का मालिकाना हक तय नहीं हो जाता यहां पर किसी भी प्रकार का काम नहीं होने दिया जाएगा। इस बारे में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर भूमि ग्राम पंचायत को वापस देने की मांग की है।
गुरुवार रात करीब 12 बजे सैन्य छावनी व राजाजी नेशनल पार्क से सटी जमीन पर एक जेसीबी व तीन टै्रक्टर ट्राली के जरिये जमीन के समतलीकरण का कार्य चल रहा था। इस बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया। उन्होंने जेसीबी व टै्रक्टर ट्राली पुलिस को सौंप दी। ग्रामीणों का कहना था कि उक्त भूमि पहले ग्राम पंचायत की थी। इसे टिहरी बांध विस्थापितों के लिए सिंचाई विभाग को दिया गया था, लेकिन विभाग इस भूमि की सुध नहीं ले रहा है। इसके चलते एक व्यक्ति इस जमीन को अपना बताकर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। आरोप था कि उक्त भूमि पर सैकड़ों खैर व बांस के पेड़ थे, जिनका सफाया कर दिया गया है और इस मामले में वन विभाग ने भी अपना दायित्व सही ढंग से नहीं निभाया है। पूर्व ग्राम प्रधान शंकर सिंह नेगी ने बताया कि जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कहा गया कियदि सिंचाई विभाग को जमीन की जरूरत नहीं है, तो इसे दुबारा ग्राम पंचायत में निहित कर दिया जाए। साथ ही हरे पेड़ काटने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस बारे में जमीन पर मालिकाना हक जता कर काम करवा रहे ले. कर्नल रवि कुमार डिमरी का कहना है कि वह जमीन उनकी है। इस संबंध में न्यायालय से उनके पक्ष में इसका फैसला हो चुका है। वहीं, दूसरी ओर उप जिलाधिकारी ऋषिकेश ने विवादित जमीन के मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी है।

No comments:

Post a Comment