For advertisement contact-09319700701

Tuesday, June 28, 2011

जवान का दिल का दौरा पड़ने से निधन, ससम्मान अंत्येष्टि

बागेश्वर: विकास खंड के तुपेड़ करूली निवासी बीएसएफ के जवान का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। जिसकी बालीघाट में सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। सैनिक राजस्थान के गंगानगर में तैनात था।
36 वर्षीय कुंदन सिंह का 24 जून को गंगानगर में दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया। जिसके शव को रविवार को उसके पैतृक गांव लाया गया। अंतिम दर्शनों के बाद बालीघाट में सैन्य सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। उसकी चिता को उसके भाई उमेश सिंह ने चिताग्नि दी। इस अवसर पर बीएसएफ की टुकड़ी ने शहीद को अंतिम सलामी दी जबकि सैन्य अधिकारी वीएस रैना व राज्य आंदोलनकारी हरीश खेतवाल ने पुष्पचक्र अर्पित किए। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमेद सिंह माजिला, पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा, जिपं सदस्य महेश कांडपाल, नंदन खेतवाल, नर सिंह खेतवाल, भूपाल सिंह आदि उपस्थित थे। कुंदन की मौत के बाद उसकी वृद्ध माता रेवती देवी व दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुंदन की पत्नी का गत वर्ष ही बीमारी से निधन हो गया था।
बढ़ा भाई भी देश की रक्षा में हुआ था शहीद
बागेश्वर: शहीद कुंदन सिंह का बढ़ा भाई भी वर्ष 2003 में सेना के एक अभियान में लेह में वर्फ में दब गया था जिसका अब तक पता नहीं चल सका है। हरीश खेतवाल ने बताया कि कुंदन का भाई राजकिशोर ग्लेशियर में दब गया था जिसका अब तक पता नहीं चल पाया है।
किशोर की जगह कुंदन को क्यों लाए
बागेश्वर: कुंदन सिंह के शव को ज्यों ही सैन्य अधिकारी वीएस रैना उसके घर लेकर गए तो उसकी मां रेवती ने उनसे पूछा कि इस हालत में तो उसके बढ़े पुत्र किशोर को लाना था तो फिर कुंदन को इस हालत में क्यों लाए। यह सुनते ही सैन्य अधिकारी श्री रैना उनके गले से लिपट कर रोने लगे। बता दें कि रेवती देवी के बढ़े पुत्र बीएसफ के जवान राजकिशोर की भी एक अभियान में वर्फ में दबने से मौत हो गई, जिसका शव अब तक नहीं मिल सका है। इधर दूसरे पुत्र के भी शहीद होने पर रेवती बदहवाश सी हो चली है।

No comments:

Post a Comment