सोमेश्वर (अल्मोड़ा): मनसारी नाला तल्ला कत्यूर विकास समिति ने क्षेत्र की पांच सूत्रीय समस्याओं को लेकर बुधवार से तहसील कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर अनशन प्रारंभ करने का ऐलान किया है। इन जनसमस्याओं का निराकरण करने की मांग समिति सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही है। शासन-प्रशासन को कई ज्ञापन भेजने के उपरांत भी ग्रामीणों की अनसुनी से आजिज लोगों ने अब आंदोलन की राह पकड़ने का ऐलान किया है। समिति अध्यक्ष डूंगर सिंह रावत का कहना है कि मनसारी नाला क्षेत्र के दूरस्थ राउमा विद्यालय में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को भरने एवं विद्यालय को इण्टर के रूप में उच्चीकृत करने, विद्युत विभाग की रानीखेत-बागेश्वर 132 केवी की लाइन को आबादी तथा कृषि क्षेत्र के बीच से हटाने सहित अनेक मांगे शामिल हैं। ग्रामीणों की घोर उपेक्षा व शासन-प्रशासन की खामोशी से त्रस्त समिति सदस्यों व क्षेत्रीय लोगों को अनशन की राह पकड़ने को विवश होना पड़ा है। श्री रावत ने बताया कि क्षेत्र की उक्त ज्वलन्त समस्याओं के निराकरण नहीं होने की स्थिति में आंदोलानात्मक कार्यवाही करने की चेतावनी शासन-प्रशासन को 15 दिन पूर्व दे दी गई थी एवं बुधवार से तहसील में धरना प्रदर्शन करने के साथ ही अनशन कर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।

No comments:
Post a Comment