For advertisement contact-09319700701

Wednesday, May 25, 2011

यातायात व्यवस्था में फिर फेरबदल

रानीखेत: करीब दो माह पूर्व नगर में यातायात की नई व्यवस्था में फिर फेरबदल कर दिया गया है। व्यापारियों की आपत्ति व पर्यटकों की सुविधा के लिए ऐसा किया गया है। अब मुख्य बाजार में गांधी चौक की ओर से वाहन इंट्री करेंगे। बाजार में अतिक्रमण रोकने के लिए कदम उठाने का निर्णय लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि दो माह पूर्व नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई थी। जिसमें रोडवेज की ओर से बाजार में प्रवेश की इजाजत थी। पिछले दिनों कुछ व्यापारियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई थी। पर्यटकों को हो रही परेशानी को देखते हुए मंगलवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संयुक्त बैठक बुलाई और चर्चा की। मंत्रणा के बाद वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था में 28 मई से फिर से कुछ परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। तय हुआ है कि अब रोडवेज डिपो की ओर से प्रवेश नहीं होगा बल्कि गांधी चौक की ओर से वाहन बाजार में प्रवेश करेंगे। अब वाहन विजय चौक से हाइडिल रोड होते हुए दो सड़किया जाएंगे। आगामी 15 जून को इस व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। बैठक में चर्चा के बाद कैंट के सीईओ ओमपाल सिंह ने कहा कि रेहडि़यां बेतरतीब ढंग से लगाए जाने के कारण जाम लग रहा है। उन्होंने रेहडि़यों के लिए स्थान चिह्नित करने, त्रिभुवन होटल के समीप पार्किंग पर पड़े ह्यूम पाइप हटाने, पार्किंग व नो-पार्किग बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। अतिक्रमण के मामले में सीईओ ने कहा कि दुकानों के आगे सीमा लाइन डाली जाएगी और इससे बाहर सामान फैलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट सी.रविशंकर ने कहा कि नो-पार्किग में खड़े वाहनों पर चस्पा चालान की कार्यवाही की जाय। बैठक में उप निरीक्षक जेसी तिवारी, ट्रेफिक इंचार्ज, रोडवेज व केमू के स्टेशन प्रभारी, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों समेत व्यापार मंडल के मोहन नेगी, यतीश रौतेला, मनोज अग्रवाल, कैलाश पांडे, जगदीश अग्रवाल, हेमंत मेहरा, आनंद अग्रवाल, बीएस फत्र्याल आदि थे।

No comments:

Post a Comment