नई टिहरी: जिला पंचायत की तीन दिवसीय बैठक के अंतिम दिन शुक्रवार को समाज कल्याण, उद्योग, पर्यटन व सहकारिता के मुद्दे छाए रहे। सदस्यों ने मांग की है कि समाज कल्याण विभाग से ऐसी व्यवस्था हो कि लोगों को घर-घर पेंशन मिल सके। जिला पंचायत अध्यक्ष रतन सिंह गुनसोला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समाज कल्याण विभाग पर चर्चा के दौरान पेंशन विलम्ब से मिलने की शिकायत की गई। सदस्यों ने कहा कि इसके लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि पात्र लोगों को घर पर ही पेंशन मिल सके। उद्योग पर चर्चा करते सदस्यों ने कहा कि जनपद में लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो सके। इस अवसर पर बताया गया कि उद्योग स्थापित करने के लिए शहरी क्षेत्र के लिए 25 व ग्रामीण क्षेत्र के लिए 35 प्रतिशत सब्सिडी विभाग से दी जाती है। पर्वतीय औद्यौगिक नीति के तहत यदि कोई बड़ा उद्योग स्थापित करना चाहता है उसके लिए विभाग से सम्पर्क किया जा सकता है। पर्यटन पर चर्चा के दौरान सदस्यों ने कहा कि जिले में कई ऐसे स्थान है जो पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन यह अभी उपेक्षित पड़े हैं इसके लिए ठोस पहल किए जाने की जरूरत है। इसके अलावा सहकारिता पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर जिपं सदस्य वीरेन्द्र मोहन उनियाल,आनंद व्यास, मूर्ति सिंह नेगी, भरत सिंह, सरतमा देवी, सरोज भट्ट आदि उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment