For advertisement contact-09319700701

Friday, May 27, 2011

जनता को देंगे तीसरा विकल्प: पवार

चम्पावत:उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र पवार ने कहा है कि आम जनता को कांग्रेस और भाजपा का विकल्प उपलब्ध कराने के लिए दल अन्य समान विचारधारा वाली पार्टियों को साथ लेकर मिशन-12 का चुनाव लडे़गा।
पवार चम्पावत में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य गठन का मकसद दस साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। राज्य की राजधानी गैरसैंण के लिए संघर्ष जारी रहेगा। पहले चरण में पद्यात्रा के बाद अब दूसरे चरण में आंदोलनकारियों को सम्मानित कर लोगों के बीच भाजपा और कांग्रेस के कारनामों को उजागर किया जा रहा है। उन्होंने उक्रांद के चुनाव चिन्ह फ्रिज करने के संबंध में कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग को इसका कोई अधिकार नहीं है। पार्टी ने भारत निर्वाचन आयोग के यहां अपनी आपत्ति दर्ज कराई है और दल का चुनाव चिन्ह कुर्सी उन्हीं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि तीसरे विकल्प के तौर पर उक्रांद समान विचारधारा वाले अन्य दलों और संगठनों से बातचीत कर रहा है। अभी तक सीपीआई, सीपीएम तथा मुन्नासिंह चौहान से बातचीत हो चुकी है। अन्य लोगों से भी इस बारे में संपर्क चल रहा है। वार्ता के दौरान शीर्ष नेता काशीसिंह ऐरी, केंद्रीय महामंत्री हरीश पाठक, सुनील पुनियाल, युवा फ्रंट के अध्यक्ष सुनील उनियाल, ऊधमसिंह नगर के जिलाध्यक्ष कुलवंत जोशी मौजूद थे। इससे पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा। बैठक में त्रिलोकसिंह बोहरा, बसंत तड़ागी, मोहन चौधरी, मंजू तड़ागी, पुष्कर चौधरी, रमेश गड़कोटी, ललित पांडेय आदि कार्यकर्ता और राज्य आंदोलनकारी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment