For advertisement contact-09319700701

Tuesday, May 24, 2011

बेतालघाट में खुलेगा डिग्री कॉलेज

बेतालघाट: विकासखंड में आखिरकार डिग्री कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। क्षेत्रवासी इस मामले में अरसे से लामबंद थे। इधर मुख्यमंत्री के आदेश पर एसडीएम कोश्या कुटौली व तहसीलदार ने मझेड़ा फार्म समेत आधा दर्जन क्षेत्रों में भूमि चिह्नित कर ली है।
दरअसल, बेतालघाट ब्लॉक में महाविद्यालय की स्थापना को लंबे समय से मांग उठाई जाती रही है। इधर क्षेत्रवासियों को बेहतर उच्च शिक्षा मुहैया कराने के मकसद से मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसचिव वेदीराम ने आदेश पारित कर प्रशासन को जमीन तलाशने व वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव तत्काल भेजने को कहा है। इस आदेश के अनुपालन में सोमवार को एसडीएम कोश्या कुटौली ने मातहतों को निर्देशित किया। तहसीलदार मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में राजस्व टीम व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने डिग्री कॉलेज के लिए जमीन तलाशी।
इसके तहत ब्लॉक के ग्राम कटीमी, ग्राम जितुवा पीपल, जीआईसी बेतालघाट के पास तथा मझेड़ा फार्म के समीप भूमि चिह्नित की गई। तहसीलदार के मुताबिक वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जीआईसी बेतालघाट के छात्रावास का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा जा रहा है। फिलवक्त इस छात्रावास में आश्रम पद्धति विद्यालय संचालित किया जा रहा है। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक त्रिलोक सिंह, उप निरीक्षक नईम खान, घोड़िया हलसों के बीडीसी सदस्य दीप चंद्र, नवीन कश्मीरा, ओमप्रकाश, चंद्रमणी सती आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment