For advertisement contact-09319700701

Friday, May 27, 2011

लैंसडौन जिले की मांग को लेकर प्रदर्शन

लैंसडौन: जिला बनाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में लैंसडौन को नए जिले का दर्जा देने की एक सूत्रीय मांग को लेकर नगर क्षेत्र में जलूस निकालकर तहसील मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी के माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।
गुरुवार को जिला बनाओ संघर्ष समिति के सदस्य व पदाधिकारी लैंसडौन नगर को जिला बनाने की मांग को लेकर गांधी चौक में एकत्र हुए। समिति के संयोजक महिपाल सिंह रावत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश ध्यानी के नेतृत्व में जलूस निकाला गया। बस स्टैंड से शुरू हुआ जलूस सदर बाजार, वकील मोहल्ला, होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचा। तहसील में समिति के पदाधिकारियों ने जिले की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिप सदस्य राजेश ध्यानी ने कहा कि पिछले एक दशक के दौरान नगर से दर्जन से अधिक सरकारी कार्यालयों को अन्यत्र स्थानांतरित करने से यहां के विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। लैंसडौन को जिला बनाने से नगर के विकास के साथ निकटवर्ती ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से निश्चित रूप से निजात मिलेगी। समिति के संयोजक महिपाल सिंह रावत ने भविष्य में जिले के निर्माण के लिए वृहद स्तर पर आंदोलन छेड़े जाने की बात कही। इस मौके पर एसडीएम के माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। प्रदर्शन करने वालों में सलीम उर्र रहमान, गुलाब सिंह, पंकज रावत, मुकेश मिश्रा, सुजान बिष्ट, देवेश लोहनी, भीम सिंह, सुमन बिष्ट, हितेश शर्मा, अनूप कन्नौजिया आदि शामिल थे।

No comments:

Post a Comment